मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेपर रहित रजिस्ट्री, निशानदेही, व्हाट्सएप चैट बोट व राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली का  वर्चुअल किया शुभारंभ

राजस्व विभाग की नई पहल पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, मीडिया से हुए रूबरू

करनाल, 29 सितम्बर।  हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि राजस्व विभाग की नई पहल के तहत अब प्रदेश के नागरिकों को पेपर रहित रजिस्ट्री, पेपर रहित निशानदेही, व्हाट्सएप चैट बोट और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली का सारा कार्य ऑनलाइन हो गया है। नागरिक अब रजिस्ट्री के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और तहसील में उन्हें सिर्फ फोटो और बायोमेट्रिक के लिए ही आना होगा। इससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार सोमवार को जिला लघु सचिवालय के सभागार में राजस्व विभाग की नई पहल की शुरुआत के मौके पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र जिला के बाबैन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पेपर रहित रजिस्ट्री, पेपर रहित निशानदेही, व्हाट्सएप चैट बोट व राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली का  वर्चुअल शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से मंत्री, सांसद, विधायक गण के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी जुड़े हुए थे। मंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राजस्व विभाग की नई पहल के तहत पेपर रहित रजिस्ट्री, पेपर रहित निशानदेही, व्हाट्सएप चैट बोट एवं राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली का शुभारंभ करके प्रदेश की जनता को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग का जनता से सीधा जुड़ाव है। विभाग की इस नई पहल से लोगों को एक बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल एक विभागीय पहल नहीं, बल्कि डिजिटल क्रांति के युग में एक नया अध्याय जुड़ गया है। इन सेवाओं के ऑनलाइन होने से नागरिकों को उनके घर-द्वार तक सुविधाएं पहुंचेगी और कार्यों में पारदर्शिता व तेजी आएगी तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।

 पेपरलेस निशानदेही से खर्च में होगी कटौती, व्हाट्सएप चैटबॉट से घर बैठे मोबाइल पर ले सकेंगे जानकारी
कैबिनेट मंत्री ने मीडिया के सवाल के जवाब में कहा कि पेपरलेस निशानदेही की शुरुआत भी आज से हो गई है। पहले निशानदेही मैनुअल की जाती थी, जिसमें किसानों को 10 से 15 हजार रुपये तक का खर्च उठाना पड़ता था। लेकिन अब इस नई पहल से मशीन के माध्यम से निशानदेही केवल एक हजार रुपये प्रति एकड़ के खर्च पर होगी। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय पिलरों के माध्यम से निशानदेही की जाती थी लेकिन अब 68 ऐसे सीओआरएस बनाए गए हैं जिनकी सहायता से मशीन के द्वारा पेपर रहित निशानदेही की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए भू-मित्र व्हाट्सएप चैटबॉट भी शुरू किया गया है, जिस पर राजस्व विभाग की सेवाओं के बारे में घर बैठे अपने मोबाइल पर जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे आम जनता की परेशानी दूर होगी और सभी कार्य समय पर होंगे।

डिजिटल हरियाणा की कल्पना हो रही साकार : कृष्ण लाल पंवार
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा प्रदेश में वर्ष 2014 से डिजिटल क्रांति की शुरुआत की गई थी। जिसके तहत ई-गवर्नेंस की नींव रखी गई, नागरिक सेवाओं को ऑनलाइन करके सरकारी कार्यों में पारदर्शिता लाने तथा पेपरलेस बनाने का प्रयास किया गया। वर्तमान में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने इन योजनाओं को और अधिक गति से आगे बढ़ाया है जिससे डिजिटल हरियाणा की कल्पना साकार हो रही है और लोगों को ऑनलाइन सेवाओं का घर बैठे लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण विकास, शहरी ढांचे, उद्योग एवं विकास और जन कल्याणकारी योजनाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है, जिसका लाभ सभी को मिल रहा है।

किसान मंडियों में सुखाकर लाएं धान : कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मीडिया के सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में धान की फसल की खरीद निरंतर जारी है और किसानों की फसल निर्धारित एमएसपी पर खरीदा जा रहा है लेकिन व्यापारियों द्वारा धान को एमएसपी से भी ज्यादा मूल्य पर खरीदा जा रहा है जिससे किसानों को आर्थिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान को सुखाकर लाएं, ताकि उन्हें मंडियों में धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि पराली को न जलाया जाए बल्कि उसका उचित प्रबंधन करके धन कमाएं।

कैबिनेट मंत्री ने स्वदेशी और स्वच्छता का दिया संदेश
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने का है जिसके लिए प्रधानमंत्री ने वोकल फॉर लोकल का विजन दिया है। हमें स्वदेशी चीजों का इस्तेमाल करने पर बल देना चाहिए। उन्होंने हर नागरिक को स्वच्छता पर ध्यान देने का भी आह्वान किया

इस मौके पर इंद्री के विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, जिला प्रशासन से उपायुक्त उत्तम सिंह, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, एसडीएम इंद्री अशोक मुंजाल, एसडीएम असंध राहुल, डीआरओ मनीष यादव सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *