नगरपालिका प्रधान सहित विभिन्न संस्थाओं ने दी स्वच्छता पखवाड़ा अभियान में भागीदारी, पिहोवा व इस्माईलाबाद के सरकारी भवनों में चलाया गया स्वच्छता अभियान, उपमंडल के सभी स्कूलों में भी करवाई गई अभियान के तहत सफाई
पिहोवा 17 सितम्बर – उपमंडल अधिकारी नागरिक अभिनव सिवाच आईएएस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जगह-जगह पर स्वच्छता कार्यक्रमों को एक अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जगह-जगह पर पौधारोपण किया जा रहा है।
एसडीएम अभिनव सिवाच ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छ पिहोवा मेरा पिहोवा मेरा अभिमान के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के तहत सभी लोगों को अपने आस-पास की सफाई का कार्य सेवा के रूप में करना चाहिए। अगर प्रत्येक व्यक्ति अपने अपने घर और आस-पास की सफाई करे तो सभी अपने अपने वार्ड और क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर रख सकते है।
उन्होंने कहा कि बुधवार को भाजपा के वरिष्ठï नेता जय भगवान शर्मा डीडी, नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि सहित नगरपालिका सचिव अशोक कुमार सहित विभिन्न सामाजिक तथा धार्मिक संस्थाओं व सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सरस्वती मेन चौक से उपमंडल के विभिन्न स्थानों पर सफाई कार्यों में श्रमदान दिया। इसके अतिरिक्त नगरपालिका द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित विश्वकर्मा कार्यक्रम के लिए 40 लोगों की एक बस को रवाना किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत बुधवार को बीडीपीओ कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, तहसील तथा अन्य सरकारी भवनों की विशेष सफाई करवाई गई। इसके अतिरिक्त उपमंडल पिहोवा व इस्माईलाबाद के विभिन्न स्कूलों में विशेष सफाई अभियान के तहत साफ-सफाई का कार्य करवाया गया। इस मौके पर स्कूलों के शौचालयों की पूर्ण सफाई करवाई गई तथा स्कूल प्रांगण में पौधे लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया गया।
पूरे देश में मनाया जा रहा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस : धुमन सिंह किरमिच
पिहोवा 17 सितम्बर – सरस्वती हैरीटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमिच ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश लगातार उन्नति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उनके जन्मदिवस स्वच्छता हमारा परम धर्म है के मार्ग पर चलते हुए सभी लोग आज अपने-अपने स्तर पर सफाई अभियान चला रहे हैं तथा उनके जन्मदिन को यादगार बना रहे हैं।
सरस्वती हैरीटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमिच ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उपमंउल पिहोवा के पावन सरस्वती तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में पूरे हरियाणा में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की नींव है। सभी नागरिकों को व्यक्तिगत स्तर पर भी सफाई के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए। प्रशासन की ओर से निरंतर सफाई अभियान चलाया जाएगा और जनता का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान के तहत सरस्वती तीर्थ से कूड़ा-करकट हटाया गया, पेयजल स्रोतों की सफाई की गई तथा कर्मचारियों और आम नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति सभी को जागरुक रहना चाहिए। यह केवल किसी एक समुदाय का कार्य नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वे अपने आस-पास के क्षेत्र को सदैव साफ-सुथरा रखें। कूड़े को यदि कूड़ेदान में डालेंगे तो कभी भी कचरा सडक़ों पर नहीं फैलेगा। इस मौके पर सरस्वती हेरीटेज बोर्ड के सदस्य रामधारी शर्मा, राघवेंद्र सिंह, आशु गर्ग, रोहित शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पिहोवा प्रिंस गर्ग, डॉ अवनीत बडेच, महेश तलवाड, गुलशन कुमार, सुनील, सुशील गर्ग और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
सशक्त नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत दी गई महिलाओं को स्वास्थ्य सम्बंधी जानकारी : डा. मनीषा
पिहोवा 17 सितम्बर – प्रवर चिकित्सा अधिकारी डा. मनीषा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में सशक्त नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत की गई है। इसी के मद्देनजर बुधवार को उपमंडल नागरिक हस्पताल पिहोवा में सशक्त नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का शुभारंभ ममता देवी सरपंच ग्राम पंचायत सरस्वती खेड़ा कॉलोनी व पंच नेहा और कोमल द्वारा किया गया।
डा. मनीषा सिंह ने बताया कि 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सशक्त नारी सशक्त परिवार अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच कैंप लगाए जाएंगे। एनीमिया जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच, किशोरियों के लिए हाइजीन सम्बन्धी जानकारी देना, तीस वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, तनाव आदि लक्षणों की एन सी डी के तहत जांच की जाएगी। सभी स्वास्थ्य जानकारी यू विन ऐप में दर्ज की जाएगी। सभी स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों में लगभग तीन सौ कैंप पिहोवा क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं। इस अवसर पर उपमंडल नागरिक हस्पताल का सारा स्टाफ उपस्थित था।
