झोझूकलां। दादरी जिले में नेशनल हाईवे 148 बी पर गांव पालड़ी बस अड्डे पर चलती प्राइवेट बस से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। स्वजनों ने बस चालक पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिसके आधार झोझू कलां थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतका की पहचान गांव पालड़ी निवासी 36 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई है जो महेंद्रगढ़ से घर लौट रही थी। मृतका मेहनत-मजदूरी का काम करती थी। वह काम करने के लिए महेंद्रगढ गई थी। बीती शाम को वह वहां से वापस घर लौट रही थी। उसी दौरान गांव पालड़ी बस अड्डे पर वह बस से गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
बाद में उसे चरखी दादरी के सिविल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम सिविल अस्पताल पहुंची और कागजी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया। मृतका के भाई संदीप ने बताया कि उसकी बहन महेंद्रगढ़ में प्याज के गोदाम पर मजदूरी करने के लिए गई थी। वह प्राइवेट बस में सवार होकर शाम को घर लौट रही थी।
उसी दौरान पालड़ी बस अड्डा आने से पहले कंडक्टर ने आवाज लगाई कि पालड़ी की सवारियां खिड़की पर हो जाएं। उसकी बहन सुनीता खिड़की पर आ गई थी। उसका आरोप है कि चालक ने एक बार बस को धीमा किया और उसके तुरंत बाद उसने बस को फिर से चला दिया। जिससे उसकी बहन सड़क पर गिर गई और सिर में लगी उसकी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
झोझू पुलिस थाना से शव का पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे जांच अधिकारी एएसआई रणबीर ने बताया कि कासनी निवासी मृतका के भाई संदीप के बयान दर्ज किए गए हैं, जिसमें उसने बस ड्राइवर पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
उसकी शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। सिविल अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतका के एक छह साल का बेटा और एक आठ साल की बेटी है। मृतका का पति पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हैं जिसके चलते वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थी
