विधानसभा अध्यक्ष ने बरसत गांव में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
मन की बात कार्यक्रम के 125वें एपिसोड को सुना, यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
करनाल, 31 अगस्त। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने युवाओं से आह्वान किया है कि देश की प्राचीन संस्कृति से जुडक़र और बुजुर्गों द्वारा दिए गए संस्कारों को अपनाकर जीवन में आगे बढ़ें। स्वस्थ रहने के लिए खेलों में भाग जरूर लें। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण रविवार को बरसत गांव में अनमोल बंधन युवा सेवा समिति(रजि.) की ओर से सैनी चौपाल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कुटेल गांव के बूथ नंबर-102 पर अन्य मौजिज लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 125 वें एपिसोड को सुना। उन्होंने बरसत में दसवीं और बारहवीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। बाद में उन्होंने घरौंडा में श्री राधा अष्टमी रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कड़ी मेहनत करके आगे बढ़ें युवा
प्रतिभा सम्मान समारोह में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विद्यार्थियों को भविष्य में और कड़ी मेहनत करके जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि बड़े होकर परिवार की तरक्की के साथ-साथ समाज अथवा राष्ट्र सेवा के लिए भी यथासंभव योगदान दें। समाज हित में कार्य करने के लिए अनमोल बंधन युवा सेवा समिति की सराहना की। समिति तथा ग्राम पंचायत से गांव में सफाई व्यवस्था की ओर विशेष ध्यान देने की अपील की।
मेरिट पर मिल रही नौकरियां : कल्याण
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि बच्चे जब आगे बढ़ते हैं तो उसके पीछे खुद ही मेहनत के साथ-साथ मां-बाप की तपस्या भी होती है। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद युवाओं को मेरिट पर नौकरियां दी जा रही हैं। सरकार ने मेहनत करने वालों के लिए तरक्की के रास्ते खोल दिए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हलके में विकास कार्य जारी
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने इस मौके पर हलके में पिछले दस सालों में कराए गए बड़े विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि लगभग हर गांव में चौपाल अथवा कम्युनिटी सेंटर बनाए गए हैं। मेडिकल यूनिवर्सिटी, एनसीसी अकादमी, रिंग रोड का निर्माण जारी है। हलके में 75 नई सडक़ें, 40 पुल, आईटीआई, लड़कियों का कॅालेज, घरौंडा में नया बस अड्डा, 18 स्कूलों को सीनियर सेकंडरी बनवाया गया है। इसके अलावा घरौंडा में रेलवे से जमीन लेकर अंडर पास बनवाने से 15 गांवों के लोगों को फायदा पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बरसत में लाईब्रेरी जल्द शुरू हो जाएगी। इससे युवाओं को फायदा होगा। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सडक़ व नालों का निर्माण कार्य आरंभ कराया जाएगा। उनका हर पल घरौंडा की तरक्की के लिए समर्पित है।
इस मौके पर नरेश सैनी, संजय सैनी सुनील मण्डल अध्यक्ष नरेश, सुभाष महल, संजू, जागमाल कश्यप, राजू आदि मौजूद रहे। विधानसभा अध्यक्ष का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। बच्चों ने ऑपरेशन सिंदूर पर सुंदर कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
यात्रा को दिखाई हरी झंडी
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने घरौंडा के तकिया बाजार स्थित एसडी मंदिर से श्री राधा अष्टमी रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यात्रा मुख्य बाजार, गुलजार डेरी, रेलवे रोड, अनाज मंडी होती हुई सनातन धर्म मंदिर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ-साथ प्रधान हरबंस चुघ, हैप्पी गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी अन्य सदस्य मौजूद रहे।
