-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल के साथ बैठक में लिया निर्णय : पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल
-बोले, हर वर्ग के उत्थान के लिए नित्य नई योजनाएं क्रियान्वित योजनाएं लागू कर रही हरियाणा सरकार
अम्बाला, 28 अगस्त।

पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल नन्यौला ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा हर वर्ग के उत्थान के लिए नित्य नई योजनाएं क्रियान्वित करके धरातल पर इसका लाभ पात्र व्यक्तियों देने का काम किया जा रहा है। पूर्व राज्य मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी उद्देश्य से वीरवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल के साथ बैठक कर महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के लिए ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ को लागू करने का निर्णय लिया। इस योजना का शुभारंभ पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती पर 25 सितंबर 2025 से किया जाएगा।
पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने बताया कि ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना का लाभ हरियाणा की विवाहित और अविवाहित महिला जिनकी आयु 25 सितंबर 2025 को 23 वर्ष या उससे अधिक को मिलेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए अविवाहित महिला का या विवाहित महिला के पति हरियाणा में पिछले 15 साल से मूल निवासी होंने चाहिए। इस योजना के तहत एक परिवार में महिलाओं की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
उन्होंने बताया कि यदि एक परिवार में 3 पात्र महिलाएं हैं, तो उन तीनों को योजना का लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा पहले से चलाई जा रही ऐसी 9 योजनाओं, जिनमें आवेदिका को पहले से ही अधिक राशि की पेंशन का लाभ मिल रहा है, उन्हें लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। वहीं स्टेज 3 और 4 कैंसर पीडि़त मरीजों (महिलाओं), सूचीबद्ध 54 दुर्लभ बीमारियों, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और सिकल सेल से पीडि़त महिलाएं मरीज जिन्हें पहले से पेंशन मिल रही है, इन महिलाओं को इस योजना का भी अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिस दिन कोई अविवाहित लाभार्थी 45 वर्ष की आयु पूरा करेगी उस दिन वे ऑटोमैटिक विधवा और निराश्रित महिला को वित्तीय सहायता योजना के लिए पात्र हों जाएंगी। इसी तरह जिस दिन लाभार्थी महिला 60 वर्ष की आयु की होगी, उस दिन वे ऑटोमैटिक वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना के लिए पात्र हो जाएंगी। अनुमान है कि पहले चरण में लगभग 19-20 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
पूर्व राज्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गरीबों और जरूरतमंद लोगों के हितों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लिए चार स्तम्भ बताए हैं जिनमें महिलाओं की भी अहम भूमिका रहेगी। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में महिलाओं को सशक्त एवं मजबूत बनाने के लिए अनेकों योजनाएं क्रियान्वित की हुई हैं। इसी कड़ी में महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना से निसंदेह महिलाएं और सशक्त होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *