नारायणगढ़, 26 अगस्त।
एसडीएम शिवजीत भारती ने अधिकारियों के साथ कालाआम्ब का दौरा कर उस स्थल का अवलोकन किया जहां विगत दिवस स्कूल जाते समय सडक़ दुर्घटना में एक बालिका की मृत्यु हो गई थी। इस दौरान डीएसपी सूरज चावला, एनएचएआई के अधिकारी तथा ग्रामवासी भी उपस्थित रहे।
एसडीएम शिवजीत भारती ने बालिका की असामयिक मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त की और आश्वस्त किया कि भविष्य में इस स्थान पर सडक़ दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय के निकट यातायात संकेतक बोर्ड, चेतावनी चिन्ह तथा जेब्रा क्रॉसिंग स्थापित किए जाएं।
लोगों की मांग पर उन्होंने सेंट फ्रांसिस एकेडमी कालाअंब के पास सडक़ किनारे पर लगी रैलिंग के भीतर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश एनएचएआई व पुलिस प्रशासन को दिए, ताकि पैदल चलने वालों को सुरक्षित व सुगम मार्ग मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्कूल के पास फोर लेन सडक़ के डिवाइडर पर लगी रैलिंग को ऊंचा किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति असुरक्षित रूप से सडक़ पार न कर सके। इसके अतिरिक्त, पास स्थित ड्रेनों को कवर करने के भी निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि सेंट फ्रांसिस एकेडमी के पास नाहन की ओर जाते हुए फोर लेन सडक़ पर जो कट है, वहां विद्यालय लगने से एक घंटा पूर्व तथा दोपहर में छुट्टी के समय दो पुलिसकर्मी और स्कूल स्टाफ के दो सदस्य अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे, जिससे बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी स्कूल प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि विद्यालय लगने से एक घंटा पहले और छुट्टी के समय विद्यालय गेट पर कम से कम दो स्टाफ सदस्य मौजूद रहें और बच्चों को सुरक्षित रूप से सडक़ पार करवाने में सहयोग करें। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों से भी उन्होंने आह्वान किया कि जिन विद्यालयों का प्रवेश द्वार मुख्य मार्गों पर है, वहां सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और बच्चों को सडक़ पार करवाने में लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर डीएसपी सूरज चावला ने कहा कि सडक़ सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस प्रकार के संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। जिससे कि इस प्रकार की दुर्घटनाएं न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *