अपील- जिला की अन्य गौशालाएं भी सेवा कार्य में करें सहयोग, कोई भी गौवंश बेसहारा न रहे।
करनाल 21 अगस्त,

नगर निगम कार्यालय में उप निगम आयुक्त अभय सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें गौसेवा आयोग के सदस्य कुलबीर खरब, विभिन्न गौशालाओं के संचालक गौपाल स्वामी, करनाल जिला की गौशालाओं के प्रधान एवं प्रतिनिधि, पशुपालन विभाग के उप मंडल अधिकारी रूपेन्द्र, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा तथा सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार मौजूद रहे।
उप निगमायुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में बीती 1 अगस्त बेसहारा गौवंश को पकडऩे का अभियान चलाया जा रहा है, जो आगामी 31 अगस्त 2025 तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नगर निगम करनाल क्षेत्र से अब तक करीब 185 गौवंश को पकडक़र फूसगढ़ स्थित गौशाला व नंदीशाला में पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की गौशाला व नंदीशाला में क्षमता से अधिक गौवंश हो चुके हैं, परंतु शहर में अभी भी बेसहारा गौवंश घूम रहे हैं, जिन्हें पकडक़र गौशाला में पहुंचाया जाना है। इस कार्य में जिला की अन्य गौशालाएं नगर निगम का सहयोग करें।
उन्होंने गौशालाओं के प्रधान एवं प्रतिनिधियों को बताया कि बुधवार को गगसीना गौशाला में 27 गौवंश को स्थानांतरित किया गया है। इस पर बैठक में मौजूद गोपाल स्वामी व अन्य प्रधान एवं प्रतिनिधियों ने भी अपनी सहमति जताई। बता दें कि उपलाना व गोंदर गौशाला में 200-200 गौवंश, अमुपुर गौशाला में 100, जुण्डला व चोचड़ा गौशाला में 50-50 तथा पाडा गौशाला में 25 गौवंश को गौशाला प्रधान की सहमति पर भेजा जाएगा।
उप निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम अब अभियान को ओर गति देगा, ताकि शहर को बेसहारा गौवंश से निजात दिलाकर अभियान का मकसद पूरा किया जा सके। उन्होंने बैठक में मौजूद गौशाला संचालक, प्रधान एवं प्रतिनिधियों का नगर निगम को सहयोग देने पर धन्यवाद भी किया। उन्होंने अपील करते कहा कि जिला की अन्य गौशालाएं भी इस सेवा कार्य में सहयोग के लिए आगे आएं, ताकि कोई भी गौवंश बेसहारा न रह सके।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते कहा कि जो लोग उपयोग के बाद या दुध निकालने के बाद अपने पशुओं को सडक़ों पर बेसहारा छोड़ देते हैं, ऐसे लोगों से नगर निगम सख्ती से निपटेगा। उन्होंने बताया कि ऐसे पशुओं को पकडक़र जब्त कर लिया जाएगा, फिर उस पशु को वापिस नहीं किया जाएगा। इसके साथ-साथ सम्बंधित व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई भी अवश्य की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *