कार्य में तेजी लाने, समय पर पूरा न करने पर जुर्माने के निर्देश

करनाल, 12 अगस्त।  उपायुक्त उत्तम सिंह ने आज स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स की प्रगति का जायजा लिया और इन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो एजेंसी समय पर निर्माण कार्य पूरा न करे उस पर जुर्माना लगाया जाए। इस मौके पर उनके साथ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने आज सबसे पहले सेक्टर 32 में बनाए गए वृद्धाश्रम का दौरा किया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की वृद्धाश्रम को जल्द समाज कल्याण विभाग के हवाले किया जाए और जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें इसमें उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिया जाए। इसके निर्माण पर 10.10 करोड़ से अधिक की लागत आई है। इसमें 43 कमरे, 8 डोरमेटरी बनाई गई हैं। वृद्धाश्रम में 128 लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है।
श्री सिंह ने सेक्टर 32 में निर्माणाधीन सामुदायिक केंद्र का भी दौरा किया और कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने की निर्देश देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य करा रही ऐजंसी निर्धारित समय पर कार्य पूरा न करे तो उस पर जुर्माना लगाया जाए। इसके बाद उन्होंने सेक्टर 33 में कम्युनिटी सेंटर, बेडमिंटन हाल, वॉलीबॉल कोर्ट और डिजिटल लाइब्रेरी का दौरा किया। इनका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने फाइनल फिनीशिंग के कार्य को जल्द पूरा करने और लोगों को दी जाने वाली सुविधाएं जल्द मुहैया कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इनके निर्माण पर 13.15 करोड़ से अधिक की लागत आई है। कम्युनिटी हॉल में 500 लोगों के बैठने की क्षमता है। लाइब्रेरी भवन के भूतल पर आडियो विजुअल कक्ष, कांफ्रेंस कक्ष, डिजीटल लाइब्रेरी, कैफेटेरिया की व्यवस्था की गई है।
इसके बाद उपायुक्त ने शहर में बन रहे एलिवेटिड ब्रिज के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। ऐलिवेटिड ब्रिज का प्रोजेक्ट 128 करोड़ से अधिक का है।  हिदायत दी कि कार्य को जल्द पूरा किया जाए ताकि लोगों को इस ब्रिज का फायदा हो सके। निर्माण कार्य जुलाई 2026 तक पूरा किया जाना है। उन्होंने पुरानी अनाज मंडी में नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे करीब 31 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे वाणिज्यिक स्थल की प्रगति का जायजा लिया। अभी तक इसका निर्माण कार्य 50 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। यहां दो बेसमेंट पार्किंग फ्लोर, भूतल व प्रथम तल पर 34-34 दुकानें, दूसरी मंजिल पर दस फूड कोर्ट, दो रेस्टोरेंट व तीसरी मंजिल पर गेम जोन बनाया जाएगा। यहां भी कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे उक्त प्रोजेक्ट्स का समय-समय पर निरीक्षण करते रहें। निर्माण के कारण लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इस मौके पर उनके साथ स्मार्ट सिटी के जीएम रामफल, एचएसवीपी के एसई धर्मबीर, नगर निगम के एमई व जेई भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *