पिहोवा 31 जुलाई – प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ मनीषा सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टी बी उन्मूलन अभियान निरन्तर जारी है। पिहोवा क्षेत्र की कई संस्थाओं और क्षेत्र निवासियों के सहयोग से टी बी से प्रभावित या संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उपमंडल नागरिक अस्पताल, अर्बन पी एच सी पिहोवा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ रोड, स्याना सैयदा, ठसका मीरांजी और सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों में विभाग द्वारा टीमें बनाई गई हैं जो घर घर जा कर मरीजों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। सघन अभियान की सफलता के लिए और स्टाफ की कम संख्या को देखते हुए संत बाबा ईशर सिंह नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं को भी शामिल किया गया है। नर्सिंग कॉलेज और स्वास्थ्य विभाग के बीच एक कोऑर्डिनेशन कमेटी बनाई गई है जोकि नर्सिंग कॉलेज प्रिंसिपल नवप्रीत कौर के सुपरवीजन में कार्य कर रही है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी छात्राओं के साथ घर घर जा रहे हैं और सी वाई कृ टी बी की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। पोर्टेबल एक्स रे मशीन द्वारा पिहोवा क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर जा कर संभावित मरीजों के एक्स रे किए जा रहे हैं। संभावित मरीजों की अन्य लैब जाँच स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुफ्त में की जा रही है। प्रवर चिकित्सा अधिकारी ने संस्था संत बाबा ईशर सिंह नर्सिंग कॉलेज के प्रबंधको और प्रिंसिपल का टी बी उन्मूलन अभियान में सहयोग के लिए धन्यवाद किया और अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी सहयोग के लिए अपील की।
