जींद से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को करनाल नई पुलिस लाईन में किया जाएगा पार्क, वहां से शटल बसों से परीक्षा केंद्रों तक जाएंगे अभ्यर्थी

सीईटी को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी: डीसी उत्तम सिंह

करनाल, 24 जुलाई- करनाल के डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि आगामी 26 और 27 जुलाई, 2025 को कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि करनाल से परीक्षा देने के लिए पंचकूला और यमुनानगर जाने वाले अभ्यर्थियों को 8 जगह से मुफ्त बसें मिलेंगी। सुबह की शिफ्ट में जिन अभ्यर्थियों का पेपर है, उनके लिए सुबह 3 बजे से पंचकूला और यमुनानगर के लिए बसें रवाना होनी शुरू हो जाएंगी जो 4 बजे तक चलेंगी। वहीं शाम की शिफ्ट के लिए सुबह 8 बजे बस रवाना होनी शुरू हो जाएंगी, जो सुबह 9.30 बजे तक जाएंगी। परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखा कर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। महिला अभ्यर्थी के साथ एक अटेंडेंट भी जा सकेंगे।

इन 8 जगहों से मिलेंगी बसें
– करनाल- पुराना बस स्टैंड
– इंद्री- बस स्टैंड (इंद्री-लाडवा रोड, डाकघर के पास)
– घरौंडा- नया बस स्टैंड (एनएच-44, फ्लाईओवर के पास)
– असंध- बस स्टैंड (सफीदों रोड)
– बल्ला- बस स्टॉप (असंध-कोहंड रोड)
– निगदू- बस स्टॉप (नीलोखेड़ी से ढांड रोड)
– निसिंग- बस स्टॉप (कैथल रोड)
– नीलोखेड़ी- बस स्टॉप (एनएच-44, फ्लाईओवर के पास)

जींद से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को करनाल नई पुलिस लाईन में किया जाएगा पार्क
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जींद से जो अभ्यर्थी सीईटी परीक्षा देने के लिए करनाल आएंगे, उनकी बसों को करनाल पुलिस लाईन में पार्क करवाया जाएगा। वहां से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाने के लिए शटल बस सर्विस उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त पुलिस लाईन में ऑटो व ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध होगी। जैसे ही परीक्षा खत्म होगी, शटल बस सर्विस अभ्यर्थियों को पुलिस लाईन में छोड़ेगी, वहां से अभ्यर्थी जींद के लिए वापस रवाना होंगे।

ये हैं हैल्पलाइन नंबर
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि सीईटी परीक्षा को लेकर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यह कंट्रोल रूम करनाल के सेक्टर-12 में स्थित लघु सचिवालय पार्ट-2 भवन में स्थित जिला शिक्षा अधिकारी, करनाल के कार्यालय में बनाया गया है। इसमें 3 शिफ्ट में चार-चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शिफ्ट सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे, दोपहर 1 बजे से रात्रि 9 बजे और रात्रि 9 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगी। इसके साथ-साथ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जो 0184-2270729 और 82959-81765 है।

यमुनानगर में औरंगाबाद फ्लाईओवर के पास होंगी बसों की पार्किंग
बता दें कि जो बसें करनाल के अभ्यर्थियों को लेकर यमुनानगर जाएंगीं उनके लिए औरंगाबाद फ्लाईओवर के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां से शटल बस सर्विस अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएंगी। वापसी में शटल बस सर्विस ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र से औरंगाबाद फ्लाईओवर के पास पार्किंग में छोड़ेगी और वहां से बसें करनाल के लिए रवाना होंगी।

पंचकूला में बस स्टैंड पर होंगी बसों की पार्किंग
बता दें कि जो बसें करनाल से अभ्यर्थियों को लेकर पंचकूला जाएंगी उनके लिए पंचकूला रोडवेज बस स्टैंड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहां से शटल बस सर्विस उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगी।

 अभ्यर्थियों के लिए रूकने की भी रहेगी व्यवस्था
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जो अभ्यर्थी एक दिन पहले आ जाएं उनके लिए ठहरने की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई है। महिला अभ्यर्थियों के लिए अग्रवाल धर्मशाला और काम्बोज धर्मशाला में व्यवस्था की गई है। वहीं पुरुषों के लिए अंबेडकर भवन सेक्टर-16, राजपूत धर्म शाला सेक्टर-8, जाट महासभा सेक्टर-12, रोड भवन दयाल सिंह कॉलोनी ओल्ड जीटी रोड तथा सैनी धर्म शाला बांसो गेट में ठहरने की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *