जिला पुलिस कावड यात्रा को लेकर अलर्ट मोड़ पर, सुरक्षा के व्यापक प्रबन्ध : पुलिस अधीक्षक
सुरक्षित एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने बनाई व्यवस्था
कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा कावड लेकर चल रहे श्रदालुओं की सुरक्षा तथा कावड यात्रा को सुचारू एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबन्ध किये गये हैं। कावड लेकर चल रहे श्रदालुओं को जिला कुरुक्षेत्र में बिना किसी बाधा के रास्ता उपलब्ध करवाने तथा यातायात को सुचारू रूप से चलाने के पुख्ता प्रबन्ध किये गये हैं। श्रदालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिये जिला पुलिस द्वारा विशेष नाके लगाये गये हैं तथा कावड यात्रा पर विशेष निगरानी की जा रही है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्ग-निर्देश में कावड यात्रा के सम्बन्ध में कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा सभी व्यापक प्रबंध किये गए है। सभी रास्तों, मार्गो और शिविरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गयें हैं। जिला यमुनानगर की सीमा से लेकर कुरुक्षेत्र शहर व अन्य मार्गो पर पुलिस द्वारा विशेष नाके, पेट्रोलिंग व गस्त पार्टी लगाई गई हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारी और चौंकी इंचार्जों को आदेश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने एरिया में गस्त करें व विशेष ध्यान रखें। भीड़-वाले एरिया में कावड़ श्रद्धालुओं के लिए अलग से रास्ता बनाया गया है। नाकों पर तैनात कर्मचारियों को कावड यात्रा के सम्बन्ध में हिदायत दी गई हैं। कावडियों की आड में शरारती तत्वों पर पुलिस द्वारा कडी नजर रखी जा रही है। उप पुलिस अधीक्षक यातायात रोहतास कुमार ने बताया कि यातायात पुलिस को मार्गो पर तैनात करके आदेश दिये गये कि चौंकों व भीड-भाड वाले स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी सजगता से अपनी ड्यूटी करें ताकि किसी भी स्थिति में जाम लगने से बचा जा सके। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि कावडियों के लिए लगने वाले शिविरों को उचित स्थान पर लगाया जाए। कोई भी श्रद्धालु उंची आवाज में बजने वाला म्यूजिक सिस्टम अपने वाहन पर या शिविर में ना लगाएं। किसी प्रकार के नशे का प्रयोग ना करें।
एसवाईएल नहर के पुल की स्टील एंगल व सामान चोरी करने के 2 आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस ने एसवाईएल नहर के पुल की स्टील एंगल आदि अन्य सामान चोरी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्ग-निर्देश में थाना झांसा पुलिस की टीम ने एसवाईएल नहर पुल की स्टील एंगल व अन्य सामान चोरी करने आरोप में अजय उर्फ़ आजू व सन्नी उर्फ़ संत वासीयान सलपानी जिला कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना झांसा पुलिस को दी अपनी शिकायत में अनिल शर्मा एसडीओ सब डिविजन झांसा जिला कुरुक्षेत्र ने बताया कि उनके विभाग द्वारा एसवाईएल नहर पर भुस्थला से सलपानी को जोड़ने के लिए वर्ष 2024 मे स्टील का पुल बनवाया था। दिनांक 15 जुलाई 25 को उनकी विभाग की फिल्ड टीम पुल का निरिक्षण करने के लिए गई थी। निरिक्षण में पता चला की किसी नामालूम चोर ने पुल से एंगल, पत्ती तथा नट-बोल्ट चोरी कर लिए है। जिससे पुल का भारी नुकसान हो सकता है। जिसकी शिकायत पर थाना झांसा में मामला दर्ज करके जांच की गई थी।
दिनांक 17 जुलाई 25 को थाना झांसा प्रभारी के मार्ग-निर्देश मे सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार, मुख्य सिपाही महावीर व एसपीओ परमजीत की टीम ने एसवाईएल नहर पुल की स्टील एंगल व अन्य सामान चोरी करने आरोप में अजय उर्फ़ आजू व सन्नी उर्फ़ संत वासीयान सलपानी जिला कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से चोरीशुदा 4 स्टील एंगल, 1 प्लेट, 20 नट, 20 बोल्ट, 38 वारसर,1 चाबी,1 पाना व 1 लोहा ब्लेड आदि सामान व वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाईकिल बरामद की गई। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया ।
कार चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों को सुलझाते हुए कार चोरी करने के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्ग-दर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-1 पुलिस टीम ने कार चोरी करने के आरोप में नीरज वासी शिवाजी कालोनी रोहतक व राजीव उर्फ़ गोलू वासी कोंथ कलां जिला हिसार हाल वासी अपोलो रोड जींद को गिरफ्तार बरामद करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 30 मार्च 25 को थाना इस्माईलाबाद पुलिस को दी अपनी शिकायत में विकास धमीजा वासी अजरावर जिला कुरुक्षेत्र ने बताया कि वह 29 मार्च की शाम को उसने अपनी क्रेटा कार घर के बाहर खड़ी की थी। अगली सुबह जब उसकी माता जी ने देखा तो उसकी कार वहां नही मिली जिसको कोई नामपता नामालूम चोर चोरी करके ले गया है। जिसकी शिकायत पर थाना इस्माईलाबाद में मामला दर्ज करके जांच की गई।
दिनांक 18 जुलाई 25 को अपराध अन्वेषण शाखा-1 प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार के मार्गनिर्देश में मुख्य सिपाही नरेश कुमार, पीएसआई जसबीर सिंह, राहुल कुमार, उप निरीक्षक सुखदेव व मुख्य सिपाही संदीप कुमार की टीम ने कार चोरी करने के आरोप में नीरज वासी शिवाजी कालोनी रोहतक व राजीव उर्फ़ गोलू वासी कोंथ कलां जिला हिसार हाल वासी अपोलो रोड जींद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।
जिला पुलिस की सेफ सिटी टीम ने आईलेट्स सेन्टर पेहवा में किया छात्र/छात्राओं को जागरूक ।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्ग-निर्देश में जिला पुलिस की सेफ सिटी टीमों द्धारा जिला मे महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं। महिला पुलिस की टीमों द्बारा छात्र/छात्राओं को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
दिनांक 19 जुलाई 25 को सेफ सिटी की टीम ने पेहवा में स्थित आईलेट्स सेन्टर प्राइवेट एजुकेशन संस्थान में छात्र/छात्राओं को उनके विरुद्ध होने अपराधों के बारे में जानकरी दी। पुलिस की टीम ने छात्र/छात्राओं को बताया कि पुलिस हमेशा आप के साथ है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग द्वारा दुर्गा-शक्ति एप्प लांच की गई है। उन्होंने कहा कि दुर्गा शक्ति एप्प का लाल बटन दबाने से आपको पुलिस मदद मिलेगी इसलिए आप खुद को दुर्गा शक्ति एप्प पर रजिस्टर कर लें। महिला विरुद्ध होने वाले अपराधो की सूचना किसी भी थाना के महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, महिला हैल्पलाईन नम्बर 1091 या डायल 112 पर दी जा सकती है। सेफ टीम ने छात्राओं को दुर्गा शक्ति व डायल-112 की ट्रिप मोनिटरिंग सेवा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस टीम ने सडक सुरक्षा तथा साईबर अपराधों बारे भी जागरूक किया।
नशामुक्त अभियान के तहत पुलिस टीम का जागरूकता अभियान जारी किया कई गांवों का दौरा।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्ग-दर्शन में जिला को नशामुक्त बनाने को लेकर पुलिस टीम के ग्रामीण दौरे लगातार जारी हैं। शनिवार को ग्राम प्रहरी नोडल ऑफिसर उप निरीक्षक राजेश कुमार ने गांव कलार माजरा,जलाखेडी, सुजरा व हरिपुरा आदि गांवों का दौरा कर ग्रामीणों के साथ नशामुक्त अभियान को लेकर विचार-विमर्श किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को ग्राम प्रहरी नोडल ऑफिसर उप निरीक्षक राजेश कुमार ने गांव कलार माजरा,जलाखेडी, सुजरा व हरिपुरा आदि गांवों में ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांवों को नशामुक्त करने तथा ग्रामीणों को नशे से दूर रखने को लेकर विचार-विमर्श किया। आमजन से बात करते हुए ने उप निरीक्षक ने कहा कि पुलिस और आमजन अगर तालमेल के साथ कार्य करे तो नशे जैसी बुराई पर नियत्रंण पाया जा सकता है। उन्होंने बैठक में मौजूद व्यक्तियों को कहा कि यदि आपके गांव में कोई व्यक्ति नशा करता है या नशा बेचता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस थाना में दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। उप निरीक्षक ने गांव के नौजवानों और बच्चो से अपील करते हुए कहा कि वो नशे से दूर रहकर पढाई और खेलों में अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। पुलिस टीम ने गांव धीरपुर में भी आमजन के साथ बैठक कर नशामुक्त गांव बनाने को लेकर ग्रामीणों से अपील की। निरीक्षक ने मौजूद ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दें। बैठक में जिला पुलिस के ग्राम प्रहरी नोडल ऑफिसर उप निरीक्षक राजेश कुमार, गांव के सरपंच, पंचायत सदस्य व मौजिज व्यक्तियों ने भाग लिया।
