करनाल, 14 जुलाई। बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने बताया कि संस्थान में सोमवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीसी सोनू भट्ट द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया और उन्हें आईटीआई के कार्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और उपलब्धियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। एडीसी सोनू भट्ट ने प्रशिक्षुओं एवं प्रतिष्ठानों/इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उद्योग और प्रशिक्षु एक-दूसरे के पूरक हैं, जिससे दोनों को आपसी सहयोग से लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और अप्रेंटिसशिप के महत्व पर जोर दिया।
राकेश भाटिया ने बताया कि इस मेले में एक हजार से अधिक आईटीआई अंतिम वर्ष के छात्रों और पासआउट ने पंजीकरण कराया। मेले में पंजाब, हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की 20 से अधिक प्रमुख मल्टीनेशनल कंपनियों ने भाग लिया, जिन्होंने आईटीआई छात्रों को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
उन्होंने बताया कि यह मेला प्रशिक्षुओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने और उनकी कौशल क्षमता को बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया, जो प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप योजना के तहत एक महत्वपूर्ण पहल है। इस मंच ने छात्रों और उद्योगों के बीच एक प्रभावी सेतु स्थापित किया। यह आयोजन न केवल आईटीआई छात्रों के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में सहायक रहा, बल्कि उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उद्योगों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
