पीडब्लूडी विश्राम गृह पर सुनी आमजन की समस्याएं, मौके पर किया समाधान

आपसी भाईचारा बनाकर रखें, तभी वातावरण अच्छा होगा और समाज तरक्की करेगा: हरविन्द्र कल्याण

करनाल, 6 जुलाई। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने घरौंडा हलके को बड़ी सौगात देते हुए 1 करोड़ 20 लाख रुपये के 7 विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने रविवार को हलके में अलग-अलग जगह आयोजित कार्यक्रमों में 7 विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इसके साथ-साथ उन्होंने घरौंडा के पीडब्लूडी विश्राम गृह में आमजन की समस्याओं को भी सुना और मौके पर ही उनका समाधान भी किया।

इस दौरान आमजन को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि 11 साल पहले यह क्षेत्र विकास के मामले में पूरी तरह से अपेक्षित था। सरकार ने नियमों में संशोधन करके क्षेत्र की कई अवैध कॉलोनियों को अप्रूव्ड कराया और उनमें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई। इससे आम लोगों को भी लाभ मिला। सरकार का प्रयास है कि हर गांव में सुंदर पार्क और ई-लाइब्रेरी बने। पहले नौकरियां मंत्रियों के चहेतों अथवा रिश्तेदारों को दी जाती थी लेकिन अब मेरिट पर दी जा रही हैं। पार्कों का सौंदर्यकरण एवं विस्तारीकरण किया जा रहा है और जरूरत अनुसार नए स्कूल-कॉलेज खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज हित में कार्य करने से ही व्यक्ति बड़ा बनता है। उन्होंने लोगों से कहा कि आपसी भाईचारा और सुख- शांति बनाए रखें, परिवार के लिए मेहनत करें और विकास कार्यों में राजनीति न करें। वातावरण जितना अच्छा होगा समाज उतना ही तरक्की करेगा।

युवा करें श्रम दान
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने लोगों को सलाह दी कि वे युवाओं की टीम गठित करें जो सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक पार्क में रखरखाव वास्ते एक घंटा श्रम दान करें। सरकार द्वारा पार्क के विकास पर लगाया गया पैसा जनता का है। उन्होंने उत्तम नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को पार्क के सौंदर्यकरण का आश्वासन दिया और कहा कि थोड़ा संयम रखें, हर वाजिब काम को पूरा कराया जाएगा। इससे पहले पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में उन्होंने जयंती पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और क्राउन सिटी में पौधारोपण किया। रेस्ट हाउस में विधानसभा अध्यक्ष ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों समस्याएं सुनीं। बरसत के लोगों ने सफाई, पार्क और चौपाल में शौचालय, नबीपुर के वासियों ने रास्तों के निर्माण व कंबोज चौपाल की मांग की।

इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, कष्ट निवारण समिति सदस्य सीमा शर्मा, मंडल अध्यक्ष रोहित, उपाध्यक्ष नरेंद्र लाठर आदि मौजूद रहे।

विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास
– विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कैरवाली में मनीराम डेरा से भीमा पंडित के खेत तक निर्मित 9 किले लंबे रास्ते का उद्घाटन किया। मनरेगा के तहत बनाए गए इस रास्ते पर 13.47 लाख की लागत आई है।
– इसी गांव में पीडब्ल्यूडी की मुख्य सड़क से लीला के निवास तक 500 फुट लंबी पेवर ब्लॉक गली का शिलान्यास किया। विधायक आदर्श नगर ग्राम योजना के तहत बनाई जाने वाली इस गली पर 25 लाख रुपए खर्च होंगे।
– उन्होंने गांव में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से लगाए गए ट्यूबवेल का भी उद्घाटन किया। इस पर 20 लाख रुपए की लागत आई है।
– अमृतपुर कलां में रामनिवास जोगी के खेत तक बनाए गए करीब 3300 फुट लंबे रास्ते का उद्घाटन किया जिस पर 17.86 लाख रुपए खर्च हुए हैं। इसका निर्माण खेत खलिहान स्कीम के तहत किया गया है।
– इसी स्कीम के तहत इसी गांव में नरेंद्र राणा के खेत तक के 17  किले लंबे रास्ते का भी उद्घाटन किया जिस पर 20.85 लाख रुपए खर्च हुए हैं।
– नगला मेघा सड़क से सुरेश शर्मा के खेत तक आठ किले लंबे रास्ते और पीडब्ल्यूडी रोड से रामकुमार सैनी के डेरा तक 15 किलो लंबे रास्ते का उद्घाटन किया। मनरेगा के तहत बनाए गए इन रास्तों पर कर्मशः 7.90 और 14 लाख रुपए की लागत आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *