शहर में 130 शिविर और जिला के सभी 422 गांवों में एक-एक शिविर का करवाया जा रहा आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के बाद पतंजलि योगपीठ अच्छा योग करने वाले साधकों को बनाएंगे योग शिक्षक
कुरुक्षेत्र 11 जून। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इकट्ठा होने वाले 1 लाख लोग एक सुर एक ताल में योग करें, इसके लिए जिला प्रशासन पतंजलि योग पीठ के साथ मिलकर तैयारी में लगा हुआ है। जिलाभर में 550 योग शिविर लगाकर लोगों को ट्रेंड कर रहा है, इनमें 130 शिविर शहरी क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे हैं और सभी 422 गांवों में 5 दिवसीय योग प्रोटोकॉल शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय योग शिविर को अनुशासन और प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है। ऐसा तभी संभव होगा जब सभी लोग प्रशिक्षित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में शामिल होंगे।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि पतंजलि योगपीठ के 500 शिक्षक योग प्रोटोकॉल बनाने के लिए आए हुए हैं। जो 21 जून तक जिला में ही रहेंगी। इनका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम के लिए नागरिकों को प्रशिक्षण देना और प्रशिक्षित नागरिक का कार्यक्रम के लिए चयन करना। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम को विश्व रिकॉर्ड में शामिल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके लिए गिनीज बुक में रिकॉर्ड दर्ज करवाने के लिए आवेदन किया गया है।
उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड क्षेत्र को निश्चित किया गया है। इस कार्यक्रम में एक लाख लोग एक साथ योग करके विश्व रिकॉर्ड कायम करेंगे। उन्होंने कहा कि योग में हिस्सा लेने वालों का टी-शर्ट और औषधीय पौधा वितरित किया जाएगा। साथ ही पहले आने वाले 10 हजार लोगों को योगा मैट भी दिया जाएगा। जिला कुरुक्षेत्र के जो नागरिक अच्छा योग करेंगे, उन्हें पतंजलि योगपीठ की तरफ से हरिद्वार में बुलाकर उन्हें योग शिक्षक की ट्रेनिंग देंगे।
सभी गांवों के हर घर तक पहुंचे योग
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जिला के सभी 422 गांवों में पतंजलि योगपीठ के ट्रेनर योग की पांच दिवसीय ट्रेनिंग दे रहे हैं। जिला के सभी गांवों के सभी घरों तक योग को पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उनका प्रयास है कि योग दिवस कार्यक्रम के बाद भी ये नागरिक अपने योग को निरंतर जारी रखेे। उन्होंने कहा कि योग करने से स्वास्थ्य बना रहता है, बीमारी होने की संभावना कम हो जाती है और योग से बहुत अधिक बीमारियों का इलाज संभव है।
108 बार सूर्य नमस्कार का बना रखा है अभ्यास
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि वो स्वयं भी स्कूल समय से योग के साथ जुड़ी हुई हैं। जिससे उनका स्वास्थ्य बना हुआ है। उनका 108 बार सूर्य नमस्कार करने का अभ्यास अब तक बना हुआ है, जोकि टीवी में योग गुरु स्वामी रामदेव को देखकर सीखा है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को भी योग, प्राणायाम, ध्यान की क्रियाओं को सीखकर दिनचर्या में उतारने की जरूरत है।
