चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा ने सरकार और संगठन के बीच तालमेल बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार की है। राज्य सरकार के मंत्रियों को जहां भाजपा के जिला कार्यालयों में नियमित रूप से बैठने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं विधायकों को पार्टी कार्यालयों में कार्यकर्ताओं व जनता से मिलकर संवाद करने को कहा गया है।
मंत्रियों व विधायकों में भी तालमेल बढ़ाने के निर्देश पार्टी के शीर्ष नेताओं ने दिए हैं। विधायक इस बात से नाराज हैं कि मंत्री बिना बताए उनके जिलों में आ जाते हैं। जिलाध्यक्षों को भी मंत्रियों के कार्यक्रमों की जानकारी नहीं होती। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने निर्देश दिए हैं कि अब मंत्री को किसी भी जिले में जाने से पहले विधायकों व जिलाध्यक्षों को अपने कार्यक्रमों की जानकारी देनी होगी
भाजपा विधायक दल की बैठक में भी विधायकों ने मंत्रियों द्वारा की जाने वाली अनदेखी का मुद्दा उठाया है। हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने मंत्रियों से कहा कि वे मंगलवार और बुधवार को आवश्यक रूप से चंडीगढ़ में रहें।
विधायकों से 15 दिन में एक बार जिले में रहने को कहा गया
इसी तरह, विधायकों से कहा गया कि वे भी 15 दिन में एक बार जरूर जिला कार्यालयों में बैठें और कार्यकर्ताओं के साथ ही जनता से मिलें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली हर मंगलवार को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में बैठेंगे।
