सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी के लिए भी किया प्रेरित
करनाल, 22 जनवरी। 
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण कहा है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई पर फोकस करने के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेना चाहिए। उन्हें अपनी सोच को भी स्मार्ट बनाना होगा।
श्री कल्याण आज घरौंडा के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्कूल भवन के नए ब्लॉक का उद्घाटन करने के बाद विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तहत दो मंजिला नए ब्लॉक में 14 कमरे, छात्रों और छात्राओं के लिए 6-6 शौचालयों का निर्माण किया गया है। दो शौचालय  दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए बनाए गए हैं। नए भवन पर एक करोड़ 95 लाख से अधिक की राशि खर्च की गई है।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि घरौंडा हल्का के विद्यार्थियों और शिक्षकों में पर्याप्त टैलेंट है। जब वे जीटी  रोड से गुजरते हैं तो विकसित होते घरौंडा को देखकर खुशी होती है। यहां के विद्यार्थी स्मार्ट क्लास में नई प्रौद्योगिकी के माध्यम से ज्ञान में इजाफा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में ज्ञान की कमी नहीं है। एक समय था जब नालंदा यूनिवर्सिटी के माध्यम से ज्ञान का विस्तार पूरे विश्व में होता था लेकिन मुगल और अंग्रेजी शासन में यहां की संस्कृति को नष्ट करने और धन दौलत को लूटने का प्रयास किया गया। नालंदा यूनिवर्सिटी को भी आग लगा दी गई। वहां का पुस्तकालय और साहित्य रिकॉर्ड इतना विशाल था कि उसे जलने में ही 6 महीने लग गए। खामोश गौरवशाली देश के नागरिक हैं जिसकी संस्कृति और साहित्य समृद्ध रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सही है कि आज विद्यार्थी स्मार्ट क्लास और नई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर ज्ञान को बढ़ा रहे हैं लेकिन उन्हें अपनी सोच को भी स्मार्ट बनना होगा। एक समय था जब टेलीविजन पर दो-तीन कार्यक्रम ही प्रसारित होते थे लेकिन आज टीवी चैनलों पर 24 घंटे प्रसारण हो रहा है। पुराने समय में विद्यार्थियों का लक्ष्य शिक्षित होकर डॉक्टर, इंजीनियर, टीचर या छोटी-मोटी सरकारी नौकरी पानी तक रहता था लेकिन आज विद्यार्थियों के सम्मुख हजारों विकल्प मौजूद हैं।
हरविंदर कल्याण ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। जिस भी विषय के प्रति उनका रुझान हो उसी में आगे बढ़ना चाहिए। मेहनत से ज्ञान अर्जित करने वालों की तरक्की खुद ब खुद होती है। पढ़ाई डिग्री के लिए नहीं ज्ञान अर्जित करने के लिए होनी चाहिए। सभी महापुरुष  कठिन परिस्थितियों से निकलकर ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं। उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने आईडीबीआई बैंक की ओर से स्कूल में दिए गए वाटर कूलर का भी उद्घाटन किया।
नौकरी भी मेरिट पर
उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरकारी नौकरियां मेरिट पर दी जा रही हैं। सरकार ने ऐसी व्यवस्था की है कि जो युवा प्रतियोगी परीक्षा पास करेगा उसी का मेरिट अनुसार चयन होगा। नौकरियों में भाई- भतीजावाद और खर्ची -पर्ची का दौर समाप्त हो चुका है।
नशाखोरी से बचें
श्री कल्याण ने युवाओं से कहा कि वे नशे से दूर रहें, पर्यावरण को संभाल कर रखें और सेहत पर ध्यान दें। हर विद्यार्थी को किसी ने किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में अवश्य भाग लेना चाहिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्राचीन संस्कृति से जोड़ते हैं। संस्कृति से जुड़ने वाला विद्यार्थी गलत रास्ते पर नहीं जाता।
ऑडिटोरियम का उद्घाटन जल्द
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऑडिटोरियम का उद्घाटन जल्द किया जाएगा। पुराना जिला शिक्षा अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए की ऑडिटोरियम के शुभारंभ के बाद क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी साल में एक बार जरूर कार्यक्रम प्रस्तुत करें। ऐसी योजना बनाने के लिए भी कहा जिससे कि विद्यार्थी समूहों में विधानसभा का दौरा कर जानकारी हासिल कर सकें।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अनेक सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जहां सुविधाओं की कमी है वहां सूची मांगी गई है। भविष्य में किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधा की कमी नहीं रहने दी जाएगी। सरकार नई शिक्षा नीति पर कोई गंभीरता से कार्य कर रही है। बच्चे शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति से जुड़कर संस्कारवान बनें ऐसे प्रयास हैं। हरियाणा में पिछले सालों में शिक्षा स्तर सुधरा  है।
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष हैप्पी लक गुप्ता, एसडीएम राजेश सोनी जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल,  बीआरसी जोगेंद्र सिंह, प्रिंसिपल इंद्रजीत कालिया, बैंक मैनेजर शशि सरान, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *