डाक निर्यात केंद्र (डीएनके) के द्वारा डाकघर के माध्यम से कारोबारी विदेशों में आसानी से भेज सकते हैं सामान

करनाल, 21 जनवरी- प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीणा ने बताया कि डाकघर के माध्यम से कोई भी कारोबारी विश्वभर में सामान निर्यात कर सकता है। डाक विभाग द्वारा चलाई जा रही डाक निर्यात केंद्र (डीएनके) सेवा द्वारा यह बहुत ही अच्छे तरीके से यह कार्य किया जा रहा है। यह सेवा छोटे और मझोले कारोबारियों को निर्यात करने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि करनाल डाकघर में इस सेवा का लाभ कोई भी व्यक्ति उठा सकता है।

प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीणा ने बताया कि डीएनके सेवा के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकता है। डाकघर निर्यात केंद्र का मकसद, विदेशों में सामान भेजने वाले निर्यातकों को कस्टम से जुड़ी समस्याओं व अन्य परेशानियों से बचाना है। इस सुविधा से निर्यातकों के समय और पैसे दोनों की बचत होती है।

निर्यातकों को मुफ्त पैकेजिंग, पिक-अप और ट्रैकिंग की मिल रही सुविधा
प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीणा ने बताया कि डाक निर्यात केंद्र सेवा से निर्यातकों को निर्यात लेनदेन और भुगतान पर बेहतर नियंत्रण मिलता है। निर्यातकों को पैकेजिंग, फ़्री पिक-अप, ट्रैकिंग और वॉल्यूम-आधारित छूट जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इसके साथ-साथ निर्यातकों को सहायता और मार्गदर्शन भी मिलता है। इलेक्ट्रॉनिक कस्टम क्लियरेंस की सुविधा भी मिलती है। डाकघर निर्यात केंद्र, निर्यातकों और अंतर्राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स एग्रीगेटर्स की मदद करता है।

ये है प्रोसेस
प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीणा ने बताया कि डाक निर्यात केंद्र सेवा के लिए पीबीई फॉर्म भरने और दाखिल करने के लिए, सीमा शुल्क विभाग की अधिसूचनाओं का पालन करना होता है। बैंक खाता विवरण सही देना होता है, ताकि समय पर आईजीएसटी रिफंड मिल सके। डाक निर्यात केंद्र से माल निर्यात करने के लिए निर्यातक के पास वैध आयात-निर्यात कोड (आईई कोड) होना चाहिए। डाकघर निर्यात केंद्र से सामान भेजने के लिए, आपको इंडिया पोस्ट की वेबसाइट से पंजीकरण कराना होता है। पंजीकरण के बाद, आपको अपने उत्पाद पर जीएसटी नंबर और आधार कार्ड की कॉपी चिपकानी होती है। डाकघर निर्यात केंद्र से सामान भेजने के लिए, आपको पोस्टल बिल ऑफ़ एक्सपोर्ट (पीबीई) भरना होता है। कस्टम विभाग से इलेक्ट्रॉनिक अप्रूवल मिलती है। पार्सल की बीमा कराने की सुविधा भी मिलती है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *