केंद्रीय ऊर्जा, आवाज, एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने घरौंडा विश्राम गृह में की बैठक
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी रहे मौजूद
करनाल, 10 जनवरी।
केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने आज कोहंड के लोगों के साथ बैठक कर बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में करनाल लोकसभा क्षेत्र के दस हजार से अधिक की आबादी वाले गांवों में मूल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जायेगा।
केंद्रीय मंत्री ने आज घरौंडा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गांव कोहंड के लोगों के साथ बैठक की। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने केंद्रीय मंत्री का पुष्प गुच्छ देकर और ग्रामीणों ने शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से स्कूल, स्ट्रीट लाईट, फिरनी, ग्राम सचिवालय, तालाब, श्मशान घाट, पार्क एवं व्यायामशाला की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रथम चरण में दस हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कराया जायेगा। दूसरे चरण में 8 से 10 और फिर 5 से 8 हजार की आबादी वाले गांवों को लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि गांवों में विकास कार्यों की निगरानी के लिये जन भागीदारी जरूरी है। इसके लिये वे 10-12 लोगों की कमेटी गठित करें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था परिवर्तन का ही नतीजा है कि विगत 10 सालों में युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची मेरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं।
इसके उपरांत उन्होंने आरपीआईआईटी कॉलेज में सेवानिवृत कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की और लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिये लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि दस सालों में क्रांतिकारी बदलाव करते हुए प्रदेश में विकास के अनेक कार्य कराये गये लेकिन काम कभी खत्म नहीं होते। भविष्य में भी विकास की गति को बनाए रखा जायेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक समय था जब ऊपर से आई राशि में से मात्र 15 प्रतिशत ही विकास कार्यों पर खर्च होता था लेकिन अब सौ फीसदी राशि खर्च की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकारी धन को कमाई का साधन नहीं बनाया जाना चाहिये।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद मनोहर लाल 22 राज्यों का दौरा कर चुके हैं। उन्हें हर विषय का गहरा ज्ञान है। हरियाणा में मुख्यमंत्री रहते उन्होंने जमीनी स्तर पर अनेक कार्य कराये जिनका फायदा लोगों को हो रहा है। हर समय उन्हें इस बात की चिंता रहती है कि कैसे गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा किया जाये।
इस मौके पर एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, सांसद के प्रतिनिधि कविंद्र राणा,भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष कश्यप, डीएमपी मनोज कुमार, कोहंड वासी सतबीर गोस्वामी, खेमपाल गोस्वामी, तिलकराज, ब्रह्मपाल, उमेश, रमेश, अनिल रावल, सुरेंद्र सैनी, अजीत आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *