कुरुक्षेत्र 1 जनवरी केन्द्र व हरियाणा सरकार की योजनाओं को हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा सोमवार को थानेसर हल्के के गांव बाहरी व घमूरखेड़ी में पहुंची। इन गांवों में पहुंचने पर जिला परिषद की पूर्व उपाध्यक्ष परमजीत कौर कश्यप ने यात्रा जोरदार स्वागत किया। इस दौरान गांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में जिप की पूर्व उपाध्यक्ष परमजीत कौर कश्यप ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
जिप की पूर्व उपाध्यक्ष परमजीत कौर कश्यप ने लाभार्थियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित देशों की सूची में शामिल करने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के इस संकल्प को पूरा करने के प्रत्येक देशवासी को सहयोग करना होगा। आज इसी संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा देश के करोड़ों लोगों को सरकार की अंत्योदय व जनकल्याण को समर्पित योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर लाभार्थियों को सरकार की 9 साल की उपलब्धियों पर आधारित कैलेंडर व ब्रॉशर का वितरण भी किया गया। लोगों ने ड्रोन के जरिए खेतों में यूरिया और डीएपी का छिडक़ाव करने की मॉक ड्रिल भी देखी। आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है जब गरीब और वंचित भी विकास की मुख्यधारा में शामिल होंगे। देश की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की मनोहर लाल सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि, उज्ज्वला योजना सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से देश-प्रदेश के अंत्योदय परिवारों को समाज की मुख्यधारा में लाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेते हुए प्रतिज्ञा ली कि भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करेंगे। देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे। भारत की एकता को सुदृढ़ करेंगे और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे। नागरिक होने का कर्तव्य निभाएंगे। इस मौके पर विधायक के निजी सचिव राजू सेठी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
