लाडवा 20 दिसंबर भाजपा प्रदेश महामंत्री व पूर्व विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि प्रदेशभर में केंद्र सरकार जो जगह-जगह जाकर लोगों को यह सार्थक संदेश दे रही है कि आत्मनिर्भर व विकसित भारत का संकल्प केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का या किसी सरकार का नहीं है इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सबको साथ लेकर भारत को आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प है। प्रदेशवासी जिस तरीके से इस यात्रा को जन आंदोलन का रूप देकर आगे बढ़ा रहे हैं, वह प्रेरित करने वाला है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री व पूर्व विधायक डा. पवन सैनी बुधवार को लाडवा ब्लॉक के गांव सुल्तानपुर व गांव सुरा में विकसित भारत संकल्प एवं जनसंवाद यात्रा में लोगों से सीधा संवाद कर रहे थे। इस दौरान बोर्ड के भाजपा प्रदेश महामंत्री ने लोगों को विकसित भारत संकल्प की शपथ भी दिलवाई। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत सरकार की जनकल्याणकारी व महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे देश में सरकार की प्रमुख योजनाओं की संपूर्ण पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है ताकि इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सभी लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच सके। अब तक बहुत से लाभार्थी इसका फायदा उठा चुके हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद में गांव-गांव जा रही है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों के बारे में जागरूकता पैदा करना और उनकी शत-प्रतिशत परिपूर्णता सुनिश्चित करना है। यह यात्रा देश के कोने-कोने में समाज के सभी वर्गों विशेषकर वंचित वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की एक अनूठी पहल है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस यात्रा के दौरान प्रदेशभर में अनेक वाहन चल रहे हैं, जो एक दिन में 4 गांवों को कवर कर रहे हैं। यह यात्रा 25 जनवरी 2024 तक प्रदेश के हर गांव व हर शहर से होकर गुजरेगी। इस यात्रा के दौरान गरीब वर्गों के लोगों, महिलाओं, युवाओं, किसानों, मध्यम वर्ग के लोगों के लिए केन्द्र व राज्य सरकार की स्कीम की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी ताकि उनके स्कीमों के प्रति जागरूकता पैदा हो और वे इनका लाभ उठा सकें। इस यात्रा के माध्यम से योजनाओं के लाभार्थियों का फीडबैक भी लिया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक साथ मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेते हुए शपथ ली कि भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करेंगे। देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे। भारत की एकता को सुदृढ़ करेंगे और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे। नागरिक होने का कर्तव्य निभाएंगे। इस कार्यक्रम में केंद्र व हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित शॉर्ट फिल्म का भी प्रसारण किया गया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *