विधायक सुभाष सुधा ने राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ-2023 का किया शुभारंभ, 22 जिलों के करीब 1400 खिलाड़ी करेंगे विभिन्न प्रतियोगिताओं में शिरकत, जन संपर्क विभाग के कलाकारों ने विभिन्न विकास गीतों की दी शानदार प्रस्तुति

कुरुक्षेत्र 28 नवंबर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि खेल हमारे लिए बहुत ही लाभदायक हैं क्योंकि वे हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करना और लगन सिखाते हैं। खेलना हमें, आत्मविश्वास के स्तर का निर्माण करना और सुधार करना सिखाता है। यदि हम खेल का नियमित अभ्यास करें, तो हम अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सकते है।
विधायक सुभाष सुधा मंगलवार को द्रोणाचार्य स्टेडियम में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ-2023 के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा, डिप्टी डारेक्टर सतबीर, डीएसओ कुरुक्षेत्र सतेंद्र कुमार, डीएसओ सिरसा शमशेर सिंह, सीनियर कोच मनोज कुमार ने विधिवत रुप राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ-2023 के शुरु होने की घोषणा की। इस दौरान 22 जिलों के खिलाडिय़ों सहित राई के खिलाडिय़ों ने मार्च पास्ट निकालकर मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस दौरान एक बालिका द्वारा राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ-2023 में सभी खेल नियमों का पालन करने, मादक पदार्थों से दूर रहने, खेल भावना से प्रतियोगिताओं में भाग लेने की सभी खिलाडिय़ों को शपथ भी दिलवाई। विधायक ने कहा कि आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में अन्य गतिविधियों के साथ-साथ खेलों में भागीदारी करना भी बहुत जरुरी है। बच्चों में आज जिस प्रकार आगे बढऩे की होड है, उसे देखते हुए शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। किसी भी क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन तभी संभव हो सकता है, जब आप स्वस्थ है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाडिय़ों पर पूरे देश को गर्व है। लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी न जाने कितनी बार हरियाणा के खिलाडियों की प्रशंसा कर चुके हैं। यह सब संभव हुआ है मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीतियों की बदौलत। हरियाणा खेलों में देश के सामने मिसाल है। पिछले चार ओलंपिक खेलों में भारत ने 18 पदक जीते हैं, जिसमें 10 पदक अकेले हरियाणा के खिलाडियों ने जीते हैं। पैरालंपिक खेलों में भी 23 में से 7 पदक हरियाणा के खिलाडिय़ों ने जीते है। बीते 3 एशियाई खेलों में भारत ने 191 पदक जीते हैं, जिसमें 49 पदक हरियाणा के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों द्वारा जीते गए और पिछले 4 राष्ट्रमंडल खेलों में जीते गए 231 खेलों में 70 मेडल हरियाणवी खिलाडिय़ों द्वारा जीते गए हैं। खेलो इंडिया में भी हरियाणा के खिलाडिय़ों का अव्वल रहना यह दिखाता है कि उनके लिए हरियाणा में कितना अच्छा माहौल तैयार हो चुका है।
विधायक ने कहा कि खेल गतिविधियों में शामिल होना, हमें बहुत से रोगों से सुरक्षित करने में मदद करता है, यह हमें जीवन में अधिक अनुशासित, धैर्यवान, समयबद्ध और विनम्र बनाता है, सभी कमजोरियों को हटाकर आगे बढना सिखाता है, हमें बहादुर बनाता है और चिड़चिड़ेपन व गुस्से को हटाकर खुशी का अहसास देता है, हमें शारीरिक रुप से तंदरुस्त और मानसिक आराम प्रदान करता है, जिससे कि हम सभी समस्याओं से आसानी से निपट सके। डीएसओ सतेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ-2023 में हरियाणा के सभी 22 जिलों के साथ-साथ एमएनएसए राई की टीम सहित सभी 23 टीमों में करीब 1400 खिलाड़ी व प्रशिक्षक भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता के दौरान जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने कई विकास गीतों के माध्यम से सरकार की योजनाओं को खिलाडिय़ों के समक्ष रखा और शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *