लोक निर्माण विभाग की तरफ से 25 करोड़ के बजट से बनाई जाएंगी सडक़े, मार्किटिंग बोर्ड की तरफ से भी किया जाएगा 24 सडक़ों का निर्माण कार्य, गांवों में शिवधाम, व्यायामशालाएं, 3 से 4 कर्म के रास्तों, ओपन जिम जैसे विकास कार्यों को पूरा करने के लिए सीएम के समक्ष रखेंगे प्रस्ताव, अंबाला रोड पर करोड़ों रुपए की लागत से पुल का निर्माण करने के लिए जल्द अलाट होगा टेंडर, राज्यमंत्री संदीप सिंह ने ली अधिकारियों की बैठक
पिहोवा 8 अगस्त हरियाणा के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से मापदंडों को पूरा करने वाले गांवों में लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। इसके लिए सरपंचों के माध्यम से सूची तैयार की जा रही है। इस सूची के आधार पर गांवों में हाईटेक लाइब्रेरी बनाने का प्रयास किया जाएगा। इतना ही नहीं गांव और शहरों की सडक़ों के नवनिर्माण, पानी की निकासी, शिवधाम योजना के तहत किए जाने वाले कार्य, मार्किटिंग बोर्ड की 3 से 4 कर्म की सडक़ों, ओपन जिम और व्यायामशालाओं के निर्माण और विकास का एक प्रस्ताव बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा जाएगा। इन विकास कार्यों की पूरी सूची तैयार कर ली गई है।
राज्यमंत्री संदीप सिंह मंगलवार को सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले राज्यमंत्री संदीप सिंह ने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में अभी तक किए गए कार्यों और नुकसान के आंकलन की रिपोर्ट तैयार करने को लेकर अधिकारियों से फीडबैक ली है। राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि बाढ़ के पानी से प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य करने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है। इस हल्का में गांव और शहरों की सडक़ों, बिजली के खंबों को ठीक करने, शहर से बरसाती पानी की निकासी का प्रोजेक्ट तैयार करने तथा शहर व गांवों की छोटी और बड़ी सडक़ों के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए जो प्रस्ताव तैयार किया गया है, उस प्रस्ताव को बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अंबाला रोड़ पर मैन पुल का निर्माण करने के लिए टेंडर की तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है और जल्द ही एजेंसी को टेंडर अलॉट कर दिए जाएगा। इसी तरह लोक निर्माण विभाग की तरफ से 25 करोड़ रुपए की लागत से कई सडक़ों का निर्माण कार्य किया जाएगा, मार्किटिंग बोर्ड की तरफ से 24 सडक़ों का निर्माण कार्य करवाया जाएगा, पिहोवा के अस्पताल, सामुदायिक केंद्र, इस्माईलाबाद के सामुदायिक केंद्र, गांव में पानी निकासी, शिवधाम योजना, 3 से 4 कर्म के रास्तों का विकास करने, ओपन जिम और व्यायामशालाओं का निर्माण किया जाएगा। राज्य मंत्री ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कम्युनिटी सेंटर इस्माईलाबाद तथा कम्युनिटी सेंटर पिहोवा का काम 1 सप्ताह में पूरा करवा कर 20 अगस्त तक इन दोनों का उद्घाटन करवाएं। उन्होंने ने नगर पालिका सचिव को आदेश देते हुए कहा कि शहर के अंदर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और अंबाला रोड, कैथल रोड, कुरुक्षेत्र रोड पर जो सेटेलाइट लगी है उन पर कोई भी प्रचार सामग्री ना लगाई पाई जाएं।
राज्य मंत्री संदीप सिंह ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बाढ़ की वजह से जो पिहोवा शहर व गांव की सडक़े टुट चुकी है, उनको जल्दी से दुरुस्त करने के आदेश दिए, पब्लिक हेल्थ विभाग को पेयजल और सीवरेज के पाइप लाइन के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम सोनू राम, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि बतान, नगर पालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, स्वास्थ्य विभाग एसएमओ, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, एसएचओ कुलदीप सिंह सिटी, बीडीपीओ विकास कुमार, नगर पालिका सचिव गुलशन कुमार व अन्य सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
