आस्था का व्यापक माहौल बनाने का प्रयास है श्रीराम कथा : स्वामी ज्ञानानंद
कुरुक्षेत्र, 20 अक्तूबर। महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की अध्यक्षता में गीता ज्ञान संस्थानम् में जिले की धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की बैठक का आयोजन किया गया। विश्व विख्यात मानस मर्मज्ञ संत मुरारी बापू के सानिध्य में गीता ज्ञान संस्थानम् द्वारा 19 से 27 नवंबर को मेला ग्राउंड में श्री राम कथा मानस गीता के आयोजन पर विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव एवं आपसी सद्भावना के उद्देश्य से बुलाई गई इस बैठक में कुरुक्षेत्र के साथ-साथ शाहाबाद, लाडवा, इस्माईलाबाद एवं पिहोवा की धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि कुरुक्षेत्र की धरा पर 31 वर्षों बाद संत मोरारी बापू के सानिध्य एवं गीता ज्ञान संस्थानम् के तत्वाधान में श्री राम कथा मानस गीता का आयोजन नगर में आस्था का व्यापक माहौल बनाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र की पावन भूमि से 9 दिवसीय श्रीराम कथा में संत मोरारी बापू कुरुक्षेत्र के साथ-साथ पूरे विश्व के श्रद्धालुओं को सराबोर करेंगे। उन्होंने बताया कि श्रीराम कथा में विश्व के अनेक देशों से श्रद्धालु सम्मिलित होंगे। 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के प्रारंभ के दिनों में ही श्रीराम कथा का आयोजन वास्तव में कुरुक्षेत्र के लोगों के साथ पूरे देश ही नहीं बल्कि विश्व भर के श्रद्धालुओं को लाभान्वित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *