नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी के बाद आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को संबोधित किया। गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों की वजह से कार्यक्रम को रोकना पड़ा था। आखिरी बार 25 फरवरी को ये प्रसारित किया गया था। आज कार्यक्रम का 111वां एपिसोड है। मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी भारत के नागरिकों के साथ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करते हैं।

केरल और मानसून के कनेक्शन की बात सुनाई

प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में कहा, चार महीने बाद आज फिर परिवारजन के बीच हूं। उन्होंने इस दौरान पेरिस ओलिंपिक में जाने वाले भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस बार ओलिंपिक में कुछ चीजें पहली बार देखने मिलेंगी। अपने संबोधन मे पीएम ने केरल और मानसून के कनेक्शन की बात सुनाई। उन्होंने कहा कि मानसून आते ही छाते की याद आ जाती है, लेकिन किसी को यह शायद ही पता हो कि केरल में सबसे ज्यादा छाते बनाए जाते हैं। वहां की आदिवासी महिलाएं शानदार छाते बनाती हैं।

टी20 विश्व कप जीतने के लिए दी बधाई

प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में टी20 विश्व कप में शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को बधाई दी। इसके अलावा उन्होंने पेरिस ओलिंपिक में जाने वाले भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस बार ओलिंपिक में कुछ चीजें पहली बार देखने मिलेंगी। मां हीराबा को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, मेरे प्यारे साथियो, अगर मैं आपसे पूछूं कि दुनिया का सबसे अनमोल रिश्ता कौन सा होता है तो आप जरूर कहेंगे- ‘मां’। हम सबके जीवन में ‘मां’ का दर्जा सबसे ऊंचा होता है। पीएम साथ ही कहा, मैंने सभी देशवासियों से, दुनिया के सभी देशों के लोगों से ये अपील की है कि अपनी मां के साथ मिलकर, या उनके नाम पर, एक पेड़ जरूर लगाएं। मां के नाम पेड़ लगाने के अभियान से अपनी मां का सम्मान तो होगा ही होगा, धरती मां की भी रक्षा होगी।

मन की बात कार्यक्रम में राष्ट्रीय मुद्दों पर होती है चर्चा

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम में पीएम देश की जनता के साथ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करते हैं। कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित किया जाता है। इसका मकसद देश के सभी वर्गों से जुड़ना है। इससे पहले 25 फरवरी को मन की बात कार्यक्रम 110वां संस्करण हुआ था। फिर लोकसभा चुनाव के चलते यह रोकना पड़ा था।

18 जून को दी थी फिर से कार्यक्रम शुरू करने की जानकारी

25 फरवरी को कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा था कि राजनीतिक मर्यादा का पालन करते हुए लोकसभा चुनाव के इन दिनों में तीन महीने ‘मन की बात’ का प्रसारण नहीं होगा। इस महीने 18 जून को पीएम मोदी ने घोषणा की थी कि मन की बात 30 जून को फिर से शुरू होगी। मोदी ने लोगों से अपने विचार और इनपुट साझा करने का आह्वान किया

तीन अक्टूबर 2014 को हुई थी कार्यक्रम की शुरुआत

मन की बात की शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी। 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा, ‘मन की बात’ 11 विदेशी भाषाओं में भी प्रसारित किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तो, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। मन की बात का प्रसारण आॅल इंडिया रेडियो के 500 से ज्यादा प्रसारण केंद्रों से किया जाता है। दावा किया जाता है कि 100 करोड़ से ज्यादा लोग कम से कम एक बार ‘मन की बात’ से जुड़ चुके हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *