केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गीता ज्ञान संस्थानम में की शिरकत, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भेंट किया ग्रंथ गीता

कुरुक्षेत्र 22 दिसंबर केन्द्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह वीरवार को गीता ज्ञान संस्थानम् कुरूक्षेत्र में पहुंचे। इस अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी सोनल शाह तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे। यहां पहुंचने पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, योग गुरू बाबा रामदेव, अवधेशानंद गिरि महाराज, परमात्मानंद महाराज, बाबा राजेन्द्र दास महाराज, माधव प्रिय दास महाराज, निर्मलानंद महाराज, परम श्री ब्रह्मïमेश्वरानंद दास महाराज सहित अन्य संतों व जीयो गीता कार्यकारणी के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री संदीप सिंह व विधायक सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने श्रीश्री कृपा बिहारी मंदिरम् में माथा टेका और सभी देशवासियों के लिए मंगलकामना की। इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक छोटी तथा बड़ी श्रीमदभगवत गीता भी भेंट की। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज तथा गीता ज्ञान संस्थानम् द्वारा जन-जन तक श्रीमद भगवद गीता का संदेश पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीमदभगवद गीता में जीवन की सभी समस्याओं का समाधान मिलता है यह एक सच्चा ग्रंथ है, जो कि हर उम्र के लिए एक नया संदेश व हर सभ्यता के लिए एक नया अर्थ लिए हुए हैं। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गीता ज्ञान संस्थान्म के बारे में जानकारी दी तथा कहा कि मानसिक शान्ति के लिए श्रीमदभगवद गीता का संदेश एक बहुत बड़ा साधन हैं। श्रीमदभगवद गीता भगवान श्री कृष्ण के मुखारविन्द से निकली वाणी है जो समस्त मानव जाति के लिए एक संदेश है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कुरूक्षेत्र में अन्तर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव 7 दिसंबर से 24 दिसंबर 2023 तक मनाया जा रहा है, जो कि अध्यात्म, संस्कृति, ज्ञान और कला का दिव्य संगम हैं। पवित्र ग्रंथ गीता के ज्ञान रूपी प्रकाश से ही पूरे विश्व की शंकाए एवं समस्याएं दूर हो सकती है। इस ज्ञान के प्रकाश को अपने जीवन में धारण करने के लिए हम सभी को पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को अपनाना होगा और भगवान श्री कृष्ण द्वारा दिए गए निष्काम कर्म के संदेश को अपने जीवन में धारण करना होगा। इससे पूर्व श्रीश्री कृपा बिहारी मंदिरम में पहुंचने पर गीता ज्ञान संस्थानम कुरूक्षेत्र के छात्रों द्वारा स्वतिवाचन मंत्रोच्चारण के द्वारा केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ-साथ अतिथियों का स्वागत किया गया।
जीओ गीता कार्यकारणी के सदस्य मदन मोहन छाबड़ा, अशोक चावला, वेदप्रकाश, बृज गुप्ता, राजकुमार गोयल, कैलाश भगत, महिन्द्र सिंगला, जगमोहन, नीरज बतरा, विजय नरूला ने फूलों के गुलदस्ते देकर केन्द्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र भौरिया सहित अन्य अधिकारीगण व जीओ गीता कार्यकारणी के सदस्य भी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *