कश्यप ने किए 1587 परिवारों को 100-100 वर्ग गज के प्लाटों का अधिकार पत्र वितरित
सरकार की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
करनाल, 17 अक्तूबर।
 भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर आज यहां डॉ. मंगलसेन सभागार में जिला स्तरीय समारोह जन विश्वास-जन विकास आयोजित किया गया। इसमें इंद्री के विधायक एवं मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। समारोह में 1587 परिवारों को 100-100 वर्ग गज के प्लाटों का अधिकार पत्र वितरित किया गया। मुख्य अतिथि ने इस मौके पर राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
श्री कश्यप ने कहा कि पिछले 11 सालों में राज्य सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में शुरू की गई बिना पर्ची-बिना खर्ची योजना युवाओं के लिए वरदान साबित हुई है। मेधावी युवाओं को अब मेरिट पर नौकरियां मिल रही हंै। सरकार अब तक एक लाख 70 हजार युवाओं को नौकरी दे चुकी है। सरकार ने बीपीएल परिवारों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की हैं। दयालु योजना के तहत मृत्यु होने पर उम्र के अनुसार मृतक के परिवार को 5 लाख तक की आर्थिक मदद दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत 5 लाख रूपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। श्री कश्यप ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के समय किए गए 217 में से 46 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं , 90 संकल्प चालू वित्त वर्ष के अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी जिला सरकारी अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवा शुरू की गई है। अब तक अंत्योदय तथा बीपीएल परिवारों की 18 लाख 50 हजार महिलाओं को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा चुका है। राज्य में 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए परीक्षार्थियों को केंद्र तक लाने और वापस घर पहुंचाने के लिए सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
पीएम ने दी देश को नई दिशा, नई पहचान, नई ऊर्जा-जगमोहन
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने हरियाणा की 11 सालों की यात्रा को एक स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा, नई पहचान और नई ऊर्जा प्रदान की है। भारत विश्व की तीसरी बड़ी व्यवस्था बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में किसान आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं और गरीबों को सामान्य जीवन जीने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने साबित कर दिया है कि राजनीति का मुख्य मकसद जनसेवा है। उन्होंने कहा कि किसानों को 48 घंटे में डीबीटी के माध्यम से फसल खरीद का भुगतान किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में 500 वर्ग गज तक की भूमि पर पिछले 20 सालों से अधिक समय से रिहायशी मकानों में रह रहे परिवारों को भूमि का मालिकाना हक दिया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है।
 11 साल का कार्यकाल पूरा होने पर दी शुभकामनाएं
असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने भाजपा सरकार के 11 साल पूरे होने पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि साढ़े नौ साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल ने हर वर्ग के लिए जो योजनाएं शुरू की उनका लोगों को लाभ मिलने लगा है, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इन योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में शुरू की गई बिना पर्ची-बिना खर्ची योजना, ऑनलाइन ट्रांसफर नीति, 24 घंटे बिजली की आपूर्ति आदि का जिक्र करते हुए कहा कि सभी हलकों में समान रूप से विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के समय किए गए वादे को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने गत माह लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की जिसके तहत पात्र महिलाओं को नवंबर से हर महीने 21 सौ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चार सालों में लंबित वादों को भी पूरा किया जाएगा।
 बदला है हरियाणा का परिवेश-रेणु बाला
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि पिछले 11 सालों में व्यवस्था परिवर्तन से प्रदेश का परिवेश बदला है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कार्यशैली और उनके कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की गिनती प्रदेश के अग्रणी राज्यों में है। मेयर ने इस मौके पर लोगों को दीपावली की भी शुभकामनाएं दी
इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाईव संबोधन भी लोगों ने सुना। कार्यक्रम में उपायुक्त उत्तम सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, एसडीएम अनुभव मेहता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविन्द्र राणा, जिला परिषद चेयरपर्सन प्रवेश कुमारी, डीडीपीओ कंचनलता, बीडीपीओ प्रशांत, सोमवीर खटकड़, मोनिका, शिखा, तहसीलदार तहसील कृष्ण आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *