नई अनाज मंडी व सब्जी मंडी क्षेत्र को आवारा पशुओं से करें मुक्त, गीला व सूखा कचरा करें अलग-अलग।
करनाल 14 अक्तूबर,

नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केट कमेटी), भारतीय राष्टï्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एच.एस.आई.आई.डी.सी.) विभागों के प्रतिनिधि अधिकारी शामिल हुए। बैठक में निगमायुक्त ने सम्बंधित अधिकारियों को शहर की सफाई व्यवस्था को ओर सुदृढ़ करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार व सेनीटेशन टीम मौजूद रहे।
उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी को निर्देश दिए कि उनके अधीन क्षेत्र में खाली प्लॉट कूड़ा मुक्त रहे। किसी भी बड़े प्लॉट में गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए। सफाई कार्यों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि कूड़ा-कर्कट को लेकर कहीं भी हॉट स्पॉट बनने की स्थिति उत्पन्न न हो, इसका ध्यान रखा जाए। क्लीनीनेस टारगेट यूनिट को चिन्हित कर उन्हें जल्द खत्म किया जाए।  उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारी को जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी व सब्जी मंडी क्षेत्र में इधर-उधर कूड़ा-कर्कट न फैले, इसका ध्यान रखा जाए। मंडी में मौजूद सभी दुकानदारों व वैंडर्स को इसके लिए सख्ती से बोला जाए। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी से निकलने वाला गीला व सूखा कचरा अलग-अलग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडी बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आती हैं, इसलिए वह एजेंसी को कचरा अलग-अलग करके ही दे और उसका निस्तारण करवाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने मंडी को आवारा पशु मुक्त करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने एन.एच.ए.आई. के अधिकारी को निर्देश दिए कि नगर निगम सीमा में जी.टी. रोड के किनारे, फ्लाईओवर व अंडर पास इत्यादि साफ-सुथरे होने चाहिए। किनारों पर उगी जंगी घास को उखाड़ा जाए। इसके अतिरिक्त स्टोरम वाटर लाईन की भी सफाई करवाई जानी सुनिश्चित की जाए। सफाई कार्यों की निगरानी भी रखी जाए।
उन्होंने एच.एस.आई.आई.डी.सी. के अधिकारी को निर्देश दिए कि सेक्टर-3, सेक्टर- 3 एक्सटेंशन व इंडस्ट्री क्षेत्र में कहीं भी खुले में कचरा पड़ा दिखाई नहीं देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह अपनी सफाई व्यवस्था बेहतर करने पर फोकस करें। इंडस्ट्री से निकलने वाले कचरे का किस प्रकार निस्तारण किया जा रहा है, निगमायुक्त ने उसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा।
निगमायुक्त ने कहा कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के तहत नगर निगम सफाई अभियान तथा विभिन्न जागरूकता गतिविधियां रोजाना आयोजित कर रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न जगहों को दौरा करने व नागरिकों की ओर से आई शिकायतों से मालूम हुआ कि उपरोक्त विभागों द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अपेक्षित रूचि नहीं दिखाई जा रही है, जिसे देखते संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इन विभागों के द्वारा जारी निर्देशों की पालना नहीं की जाती, तो आगामी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अंत में कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए नगर निगम, संबंधित विभागों और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *