समाधान शिविर को लेकर समीक्षा बैठक हुई आयोजित, प्राथमिकता से समाधान करने के दिए निर्देश।
अंबाला, 22 अगस्त- अतिरिक्त उपायुक्त महेन्द्र पाल ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य लक्ष्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निपटान विभागाध्यक्ष समयबद्ध तरीके से करें और लंबित शिकायतों का आपसी समन्वय के साथ शीघ्र निपटान सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविरों के दृष्टिगत विभिन्न विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ले रहें थे। इस दौरान उन्होंने समाधान शिविरों में लोगो द्वारा रखी जाने वाली शिकायतों/समस्याओं बारें विस्तार से जानकारी हासिल की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक कि अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर या निर्धारित समय सीमा में समाधान करना है।उन्होंने निर्देश दिए कि विभागाध्यक्ष आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लें और समस्याओं का प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुँचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निपटान यथासंभव मौके पर ही किया जाए और यदि किसी कारणवश संभव न हो, तो निर्धारित समय सीमा में जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन समाधान शिविरों की मोनिटरिंग करते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक जिले में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 4470 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4228 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। शेष 59 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए हैं। वहीं 87 शिकायतें री-ओपन तथा 94 शिकायतें रिजेक्टेड श्रेणी में हैं।
इस मौके पर एसडीएम दर्शन कुमार, नगराधीश अभिषेक गर्ग, संयुक्त आयुक्त नगर निगम पुनित, डीएसपी रमेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी राजेश खियालिया, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग रितेश अग्रवाल, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग संदीप, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी दिनेश शर्मा, कार्यकारी अभियंता बिजली विभाग सुखबीर सिंह, डीआईओ परमजीत कौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
