वर्ष-2025 के पहले तिमाही के लिंगानुपात किया सुधार,रेड के बाद पुलिस को शिकायत देकर तीन मामले दर्ज करवाएं और एक अल्ट्रासाउंड मशीन को किया सीज
कुरुक्षेत्र। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के निदेशक एवं जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह ने कहा कि जिला ने लिंगानुपात मामले में काफी सुधार किया है। अब कुरुक्षेत्र जिला 964 लिंगानुपात के साथ प्रदेश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, जोकि 17 जिलों से ज्यादा है। जनवरी से मार्च तक तीन महीने में इस सुधार को हासिल किया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काफी मेहनत और लगन से कार्य किया है। इस दौरान विभाग की टीम ने रेड के बाद पुलिस को शिकायत देकर तीन मामले दर्ज करवाएं हैं और एक अल्ट्रासाउंड मशीन को भी सीज किया है।
उन्होंने बातचीत करते हुए कहा कि जिला में वर्ष 2024 में 7444 मेल और 6794 फीमेल जन्म होने पर 913 लिंगानुपात के साथ कुरुक्षेत्र जिला प्रदेश में 12वें स्थान पर रहा था। जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस पर गंभीरता से काम किया और आस-पास के जिले और प्रदेश से बाहर उत्तर प्रदेश में भी रेड की। इनमें टीम ने सहारनपुर यूपी, थानेसर और गांव मानस जिला कैथल में रेड करनाल शामिल है। तीनों मामले में संबंधित थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज भी करवाया है।
उन्होंने कहा कि कैथल के गांव मानस की रेड में एक अल्ट्रासाउंड मशीन को सीज भी किया गया। टीम ने अब तक 26 केन्द्रों की जांच भी पूरी कर ली है। जिसके परिणाम स्वरूप इन तीन महीनों में 1764 मेल और 1700 फीमेल ने जिला में जन्म लिया। इससे जिला का लिंगानुपात सुधार कर 964 पर पहुंच गया। इस स्थिति को बरकरार रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिला में जिस क्षेत्र या गांव में सुधार की जरुरत हैं, वहां पर फोक्स ज्यादा करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि कुरुक्षेत्र में जिन-जिन गांवों में लड़कों के मुकाबले लड़कियों का बर्थ रेशों कम है, उन-उन गांवों पर प्रशासन की पैनी निगाहे रहेंगी। इस जिले में लिंगानुपात की स्थिति को बरकरार रखने और सुधार लाने के लिए एएनएम, आशा वर्कर और आंगनबाड़ी वर्कर को गंभीरता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में सुधार के लिए प्रदेश सरकार ने कई योजनाओं को लागू किया हुआ है। इसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ प्रमुख है। इसके अलावा बेटी के जन्म पर एलआईसी की पॉलिसी करवाई जा रही है। साथ ही अन्य सुविधाएं भी मुहैया करवाई जा रही हैं। सीएमओ ने उम्मीद व्यक्त की कि इस स्थित को यहां से और सुधार में लेकर जाया जाए। उन्होंने तीन महीने में हुए सुधार पर सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग की टीम और सहयोग करने वाले सभी विभागों को बधाई दी।