लगभग आधा किमी. लंबी रोड बनने से वाहन चालकों को होगा बड़ा फायदा, जीटी रोड से शहर की ओर जाना और होगा आसान : कैबिनेट मंत्री अनिल विज

ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने आज अम्बाला छावनी में विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

अम्बाला/चंडीगढ़, 11 अप्रैल

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि रंगिया मंडी से जीटी रोड तक रेलवे फ्रेट कॉरिडोर लाइन के साथ-साथ नई रोड बनाने के लिए रेलवे से मंजूरी मिल चुकी है। इस रोड के बनने से वाहन चालकों को बड़ा फायदा मिलेगा और जीटी रोड से शहर आना-जाना बहुत आसान होगा।

श्री विज आज अपने आवास पर अम्बाला छावनी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि नन्हेड़ा फ्लाईओवर के पास रंगिया मंडी से रोड जीटी रोड तक लगभग आधा किमी. लंबी नई रोड बनाने की योजना है। नगर परिषद ने नई रोड बनाने हेतु सर्वे किया था। सर्वे के उपरांत रेलवे से रोड निर्माण हेतु मंजूरी मांगी थी जोकि मिल चुकी है। नई रोड रंगिया मंडी से जीटी रोड तक रेलवे फ्रेट कॉरिडोर लाइन के साथ-साथ बनेगी।

समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने सड़क निर्माण हेतु नगर परिषद अधिकारियों को रेलवे से बातचीत करने के दिशा-निर्देश ताकि इस कार्य को जल्द से जल्द प्रारंभ किया जा सके।

बैठक के दौरान अम्बाला नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता, एक्सईएन मनदीप सिंह, सचिव राजेश कुमार के साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बरसातों से पहले मुख्य नालों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई के निर्देश दिए

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बरसातों से पहले अम्बाला छावनी के सभी प्रमुख नालों व नालियों में साफ-सफाई के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुडगुडिया नाले में रेलवे लाइनों के पास सफाई कराई जाए। इसके अलावा नाले पर 12 क्रास रोड व कबाड़ी बाजार पुलिया को भी जल्द बनाया जाए। उन्होंने महेश नगर ड्रेन में सफाई तथा ड्रेन को पक्का करने का कार्य करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बस क्यू शेल्टर जल्द तैयार करने के निर्देश दिए

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में अलग-अलग स्थानों पर बस क्यू शेल्टर जल्द बनाने के निर्देश दिए ताकि बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों को दिक्कत न हो। नप अधिकारियों ने बताया कि 27 प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं जहां बस क्यू शेल्टर प्रस्तावित हैं।

सुभाष पार्क में विभिन्न कार्यों को नप अधिकारियों को मंत्री विज ने निर्देश दिए

ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने सुभाष पार्क में विभिन्न कार्यों को नप अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओपन एयर थियेटर में हाई क्वालिटी साउंड सिस्टम लगाया जाए ताकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर कोई परेशानी न हो। उन्होंने पार्क में फूड कोर्ट, वाकिंग के लिए ट्रैक, टॉय ट्रेन चलाने व अन्य कार्यों को लेकर चर्चा की।

स्वागतद्वार, शिवाजी की प्रतिमा व एसडी चटर्जी फुटबॉल चौक बनाने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर से अम्बाला छावनी में प्रवेश करते समय स्वागतद्वार निर्माण, सदर चौक पर छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा और एसडी चटर्जी फुटबॉल चौक बनाने को लेकर चर्चा की तथा कार्य जल्द प्रारंभ करने को कहा। गौरतलब है कि इन तीनों कार्य के लिए मंत्री अनिल विज ने अपने स्वैच्छिक कोष से राशि नगर परिषद को प्रदान की थी।

समीक्षा बैठक में इसके अलावा अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *