9 से 11 दिसंबर 2024 तक डॉ. मंगलसेन सभागार में भव्य ढंग से होगा आयोजन

करनाल, 6 दिसंबर। जिला स्तर पर गीता जयंती महोत्सव का आयोजन 9 दिसंबर से 11 दिसंबर 2024 तक प्रातः: 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक डॉ. मंगलसेन सभागार में भव्य ढंग से किया जाएगा। इस समारोह के सफल आयोजन को लेकर ओवरऑल इंचार्ज एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को विकास सदन के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और प्रबंधों की समीक्षा की तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी एवं कार्यक्रम के सदस्य सचिव मनोज कौशिक ने बताया कि गीता जयंती महोत्सव से संबंधित लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। स्कूली बच्चों तथा लोक कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित मनमोहक व आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को हवन यज्ञ व श्रीमद्भगवत गीता की आरती से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर को गीता सेमिनार का आयोजन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे तथा 11 दिसंबर को रामलीला ग्राउंड से नगर शोभायात्रा निकाली जाएगी और 12 बजे गीता के 18 अध्यायों के  श्लोक का कुरुक्षेत्र से लाइव प्रसारण होगा। इसके उपरांत मुख्य मंच पर कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि गीता जयंती महोत्सव को लेकर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार जारी है।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव कुमार ने गीता जयंती महोत्सव के कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रबंधों को समय रहते पूरा करें। किसी भी कार्य में लापरवाही नजर न आए। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के लिए स्कूली बच्चे व अन्य कलाकार पूर्वाभ्यास अवश्य करें तथा सभी कार्यक्रम श्रीमद्भगवत गीता से जुड़े होने चाहिए ताकि युवा पीढ़ी भगवत गीता के संदेश का अनुसरण करके अच्छे नागरिक बने व सभ्य समाज का निर्माण करने में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि गीता जयंती महोत्सव एक आध्यात्मिकता से जुड़ा कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम से शहर में कार्यरत अधिक से अधिक सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को जोड़ा जाए।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा भव्य ढंग से करवाई जाए तथा सफाई का समुचित प्रबंध करवाया जाए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छ पेयजल तथा अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करवाई जाए। कार्यक्रम के दौरान बिजली बाधित न हो इसको लेकर जनरेटर सेट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रखा जाए तथा कार्यक्रम स्थल के अंदर ज्यादा गाडिय़ों का प्रवेश न होने दिया जाए। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि 11 दिसंबर को सांय 5 बजे तीर्थस्थलों पर दीपदान की व्यवस्था करवाई जाए और वहां पर आयोजित कार्यक्रमों में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागेदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि उपमण्डल अधिकारी(ना0)करनाल- शोभा यात्रा के मार्ग, झांकियों एवं यातायात सम्बन्धित सभी व्यवस्थाओं को करवाना सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार से संयुक्त आयुक्त, नगर निगम करनाल- गीता महोत्सव के दौरान स्टाल एवं प्रदर्शनियों सम्बन्धित व्यवस्थाओं को करवाना सुनिश्चित करेगें। इसके अतिरिक्त यह भी ध्यान रखेंगे कि सभी स्टाल एवं प्रदर्शनियां कार्यक्रम से एक घंटा पूर्व में तैयार रहें।

उन्होंने बताया कि जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी इस जिला स्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करना, निमंत्रण-पत्र, स्मृति चिन्ह, प्रमाण-पत्र का प्रबन्ध, कार्यक्रम हेतु वीडियोग्राफी का प्रबन्ध करेंगे तथा गीता महोत्सव कुरूक्षेत्र का लाइव प्रोगाम दिखाने के लिए एल.ई.डी स्क्रीन लगवाना भी सुनिश्चित करेंगे। सभी लोकल न्यूज चैनल, रेडियो, सोशल मीडिया, अखबार व फ्लेक्स के माध्यम से भी उक्त कार्यक्रम का आमजन के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करवाना सुनिश्चित करेंगे, कार्यक्रम हेतु बैक-ड्रॉप स्थापित करवाएंगे। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए जल-पान की उचित व्यवस्था मुख्य कार्यकारी, जिला परिषद के मार्गदर्शन अनुसार करवाना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी 11 दिसंबर को दोपहर 12:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर  श्लोक उच्चारण के दौरान लाइव कनेक्टिविटी करवाना सुनिश्चित करेगें। उन्होंने बताया कि जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यक्रम स्थल पर रंगोली का प्रबंध करेंगे। इसके अतिरिक्त कलश यात्रा का प्रबन्ध भी करवाना सुनिश्चित करेंगे तथा जिला उद्यान अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पौधे गमले लगवाने एवं सजावट की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे। सिविल सर्जन जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान एम्बुलैंस व डॉक्टरों की टीम की व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करेंगे। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदर्शनी स्थल पर प्रसाद व जलपान की गुणवत्ता की जांच करवाना सुनिश्चित करेंगे। तहसीलदार कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों के स्वागत की उचित व्यवस्था स्वयं करवाना सुनिश्चित करेंगे। दमकल केन्द्र अधिकारी दमकल गाड़ियों की व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर करवाना सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी इस महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों की उक्त कार्यक्रम के दौरान भागीदारी सुनिश्चित करेगे तथा भाग लेने वाले छात्रों को मोमेन्टों एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान करवाना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि जिन छात्रों को अथवा प्रतिभागियों को (शिक्षा विभाग की ओर से) सम्मानित किया जाना है, उनकी सूची उचित समय पूर्व मंच संचालक एवं लोक सम्पर्क विभाग को भिजवाना सुनिश्चित करें। लगभग 1800 छात्रों की भागीदारी 11 दिसंबर को श्लोक उच्चारण के दौरान सुनिश्चित करेगें तथा तीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्कूली छात्रों द्वारा तैयार करवाना सुनिश्चित करेंगें। नगरीय परियोजना अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन – इस गीता महोत्सव में राष्ट्रीय ग्रामीण शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह द्वारा स्थानीय कारीगरों हेतु प्रदर्शनी में क्राफ्ट की स्टॉल लगवाना सुनिश्चित करेगें। जिला उच्चत्तर शिक्षा अधिकारी कार्यक्रम के दौरान कॉलेजों में विशेषज्ञ वार्ता का आयोजन करेंगे तथा 10 दिसंबर तथा 11 दिसंबर को जिला कार्यक्रम स्थल पर भी इन विशेषज्ञ वक्ताओं को शामिल करना सुनिश्चित करेंगे। महाप्रबंधक, हरियाणा राज्य परिवहन कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी से समन्वय स्थापित करके स्कूली बच्चों को कार्यक्रम स्थल पर आने जाने के लिए आवश्यक बसों का प्रबंध करवाना सुनिश्चित करेंगे। जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, एन.आई.सी. उक्त जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के दौरान 11 दिसंबर को आयोजित किए जाने वाले गीता श£ोक उच्चारण कार्यक्रम को सुनिश्चित करेंगे। सभी विभागाध्यक्ष उक्त कार्यक्रम में स्वंय उपस्थित रहें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को भी उक्त कार्य में शामिल होने के लिए निर्देशित करवाना सुनिश्चित करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *