सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अचानक किया कुरुक्षेत्र का हवाई दौरा

दीपेन्द्र हुड्डा ने प्रेम हिंगाखेड़ी को कांग्रेस प्रत्याशी के हक में नाम वापस लेने के लिए मनाया

प्रेम हिंगाखेड़ी ने भाजपा को हराने का संकल्प लेकर अपना नामांकन लिया वापस

कुरुक्षेत्र, 16 सितंबर। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने नामांकन वापसी के अंतिम दिन अचानक कुरुक्षेत्र पहुंचे और शाहबाद में प्रेम हिंगाखेड़ी से मिलकर कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की अपील कर कांग्रेस प्रत्याशी के हक में नाम वापस लेने के लिए मनाया। उनकी अपील पर प्रेम हिंगाखेड़ी ने भाजपा को हराने का संकल्प लेकर अपना नामांकन वापस ले लिया और कांग्रेस प्रत्याशी को अपना पूर्ण समर्थन दिया। इससे पहले दीपेन्द्र हुड्डा की अपील पर हिसार में पूर्व मंत्री संपत सिंह, अंबाला में पूर्व विधायक जसबीर मलौर, हिम्मत सिंह, गुरुग्राम में पटौदी से सुधीर चौधरी, बवानी खेड़ा से राम किशन फौजी आदि ने भी अपना नामांकन वापिस ले लिया। इस मौके पर दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि 10 साल से जिस घड़ी का हरियाणा की जनता इंतजार कर रही थी वो घड़ी आ गयी है। आज पूरा देश आज हरियाणा की तरफ देख रहा है। 10 साल के बाद प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने का मौका आया है, इस मौके को चूकना नहीं है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा की प्रगति का संकल्प दिलाते हुए कहा कि सबको मिलकर चुनाव लड़ना है। हरियाणा में कांग्रेस की जीत की गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी।

उन्होंने लोगों को बीजेपी और बीजेपी की बी-टीम बनी वोटकाटू पार्टियों से सावधान रहने की बात करते हुए कहा कि 10 वर्षों में हरियाणा को लूटने और बेरोजगारी में नंबर 1 बनाने वाली बीजेपी ने एक बार फिर से मतदाताओं से विश्वासघात करने की साजिश रची है। बीजेपी के इशारे पर कई वोटकाटू पार्टियां और उनके उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। ऐसी वोटकाटू पार्टियां बीजेपी के इशारों पर टिकट भी बाँट चुकी हैं। इनको दिया गया एक-एक वोट बीजेपी के खाते में जाएगा। बीजेपी सरकार के 10 साल के कुशासन से लोग दुखी हैं और हरियाणा ने अब बदलाव का फैसला कर लिया है। इसका पता चलते ही बीजेपी ने अपने सेनापति को बदल दिया। मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, पूरी कैबिनेट, प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया। चुनाव की तारीख बदल दी फिर एक बार दोबारा तारीख बदलवा दी और अब तो मुख्यमंत्री के उम्मीदवार ने अपनी सीट भी बदल ली। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में चल रही प्रचंड लहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के कोने-कोने से एक ही आवाज़ आ रही है बीजेपी जा रही है, कांग्रेस आ रही है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर बुजुर्गों को 6000 रुपया महीना बुढ़ापा पेंशन, हर परिवार को 300 यूनिट बिजली फ्री, महिलाओं के लिए 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम, 25 लाख रुपये तक का इलाज सरकारी खर्च पर देंगे। किसानों को MSP व सर्वाधिक भाव की गारंटी, खाली पड़े 2 लाख सरकारी पदों पर योग्य हरियाणवी युवाओं की समयबद्ध भर्ती, गरीब परिवारों को 100 गज के मुफ़्त प्लॉट व 3.5 लाख रुपये की लागत से 2 कमरे का मकान, पिछड़ा वर्ग क्रीमी लेयर आय सीमा को बढ़ाकर 10 लाख करेंगे, सफाई कर्मचारी, ग्रामीण चौकीदार, मनरेगा मेट को पक्का करेंगे। खिलाड़ियों के लिए ‘पदक लाओ पद पाओ’ नीति दोबारा लागू होगी, जातिगत जनगणना कराएंगे, जनविरोधी पोर्टलों से मुक्ति, नशा मुक्त व अपराध मुक्त हरियाणा बनाकर विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य में हरियाणा को नंबर 1 बनाएंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *