फरीदाबाद। एक प्रॉपर्टी कारोबारी साइबर ठगों के जाल में ऐसा फंसा कि 17 करोड़ रुपये गंवा बैठा। जिले की यह अब तक सबसे बड़ी साइबर ठगी है। प्रापर्टी कारोबारी को हाईवे किनारे एक एकड़ जमीन बेचकर यह रकम मिली थी। साइबर ठगी का इतना बड़ा मामला सामने आने से पुलिस भी हैरत में है।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता खुद इस पूरे मामले पर नजर रख रहे हैं। साइबर थाना सेंट्रल में मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए 20 टीम गठित की गई हैं।

वहीं, दर्ज मुकदमे के अनुसार सेक्टर-15 निवासी कारोबारी के मोबाइल पर शेयर बाजार में निवेश से संबंधित मुनाफे का एक संदेश आया था। इसी के जरिये उसकी साइबर ठगों से बातचीत शुरू हुई।

ठगों ने खुद को शेयर बाजार के विशेषज्ञों की टीम बताया और दावा किया कि उनके पास निवेश का गहरा अनुभव है तथा वे सुरक्षित तरीके से निवेश कराकर अच्छा मुनाफा दिला सकते हैं। ठगों ने कारोबारी को मोबाइल में शेयर मार्केट में निवेश के लिए प्रचलित एप से मिलता-जुलता एक नकली एप डाउनलोड करा दिया।

ठगी का अहसास हुआ तो पुलिस से शिकायत की

वहीं, शुरुआत में कारोबारी ने उसमें छोटी रकम निवेश की। एप में उसे निवेश की गई रकम पर लगातार मुनाफा दिखाया जाने लगा, जिससे उसका विश्वास बढ़ता गया। मुनाफे के लालच में आकर कारोबारी ने धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करना शुरू कर दिया। बाद में जब उसने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने विभिन्न बहाने बनाकर टालना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और पुलिस से शिकायत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *