फरीदाबाद। गांव सरूरपुर में 11 मार्च को सुनार की दुकान पर हुई 50 लाख के सोने की लूट के मामले का तीसरा आरोपित मंगलवार सुबह सूरजकुंड के पास क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है।
आरोपित का नाम धर्मबीर यादव उर्फ बाबू है, जो संभल का रहने वाला है। इस मामले में गांव सिंगरैड़ा, जिला मुजफ्फरनगर निवासी साकिब और जावेद नाम के दो आरोपितों को क्राइम ब्रांच पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
तीनों बदमाशों का सूरजकुंड के पास मिलना तय था
क्राइम ब्रांच को पहले पकड़े गए आरोपितों से जानकारी मिली थी कि लूट के बाद तीनों ने मंगलवार को सूरजकुंड के पास मिलने का तय किया था। यहां से उनकी दिल्ली में एक बड़ी लूट करने की योजना थी। क्राइम ब्रांच की टीम तड़के सूरजकुंड रोड पर पहुंच गईं।
जैसे ही आरोपित मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा, वह पुलिस टीम को देखकर रुक गया और सीधे फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर किया, इसमें उसके पैर में गोली लग गई। उसे काबू कर बादशाह खान नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
11 मार्च को दिन के समय गांव सरूरपुर में स्थित संजय की ज्वेलर्स की दुकान पर नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 350 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए थे और मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे।
लूट में इस्तेमाल बाइक दिल्ली से चोरी की थी
पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपितों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के दौरान वह साकिब मोटरसाइकिल चला रहा था। वारदात में इस्तेमाल की गई लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल उसके साथियों ने दिल्ली से चोरी की थी।
लूट के बाद तीनों मोटरसाइकिल से भागकर बालाजी काॅलोनी करनेरा गांव की तरफ पहुंचे और वहां बाइक छोड़कर टैक्सी से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपितों का आपराधिक रिकाॅर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ लूट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
