पानीपत। रविवार को घर से निकले विजय नगर के 21 वर्षीय विशाल की छाती में चाकू व बर्फ तोड़ने के सूए से वार कर हत्या कर दी और शव को सेक्टर 13-17 के खंडहर मकान में फेंक दिया।
पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब पौने 12 बजे शव को बरामद किया। सीआईए थ्री की टीम ने 8 घंटे में मामले का राजफाश करते हुए विजय नगर में भोला चौक के पास से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान गंगाराम कॉलोनी निवासी मानव उर्फ कुश, भौला चौक निवासी दीपक और ज्योति कॉलोनी निवासी सुकांत उर्फ सक्कू व अभिषेक उर्फ विजय के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपितों को मंगलवार को अदालत में पेश करेगी। सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर विजय के अनुसार पूछताछ में आरोपित दीपक ने कबूलनामे में बताया कि रविवार 15 मार्च को सुबह करीब 10 बजे वह और मानव दोनों भोला चौक निवासी भारत के घर पर थे। उसने भारत से फोन लिया और विशाल को वहां बुला लिया।
विशाल के आने के बाद वे चारों एक साथ बैठकर नशा करने लगे। कुछ देर बाद उसने अपने दोस्त कार्तिक को भी फोन कर बुला लिया था। इस मामले में विजय नगर निवासी रामेहर ने थाना तहसील कैंप में केस दर्ज कराया था।
