पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गांव-गांव जाकर दिया जा रहा भाईचारे और एकता का संदेश
करनाल, 7 मार्च : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं किसान सेल के राष्ट्रीय संयोजक ललित बुटाना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा निकाली जा रही सद्भावना यात्रा 10 मार्च को नीलोखेड़ी हलके में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा नीलोखेड़ी हलके में दो दिन तक प्रवास करेगी, जिसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल बना हुआ है। ललित बुटाना ने बताया कि नीलोखेड़ी पहुंचने पर सद्भावना यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा की तैयारियों को लेकर वह स्वयं कांग्रेस नेता इन्द्रजीत सिंह गोराया और राजेन्द्र बल्ला के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं तथा आम जनता को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व सांसद एवं पूर्व आईएएस बृजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही यह यात्रा क्षेत्र के अनेक गांवों में पहुंचेगी और लोगों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश देगी। यात्रा के दौरान करीब एक दर्जन गांवों में जनसभाएं आयोजित की जाएंगी, जहां कांग्रेस नेता जनता से संवाद भी करेंगे। इसके पश्चात यह यात्रा नीलोखेड़ी से आगे बढ़ते हुए इंद्री हलके में प्रवेश करेगी। ललित बुटाना ने कहा कि इस सद्भावना यात्रा को समाज के सभी वर्गों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियां हमेशा से जाति और वर्ग से ऊपर उठकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर केंद्रित रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा में शामिल होकर भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की यह सद्भावना यात्रा क्षेत्र में आपसी एकता को मजबूत करने और समाज में बढ़ती दूरियों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
