7 मार्च की सुबह देशभर के करोड़ों उपभोक्ताओं को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में अचानक 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमतें आज यानी 7 मार्च से लागू हो गई हैं। अब राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 913 रुपये हो गई है। इससे पहले यही सिलेंडर 853 रुपये में मिल रहा था। पेट्रोलियम कंपनियां समय-समय पर अंतरराष्ट्रीय बाजार के हालात और कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर गैस की कीमतों की समीक्षा करती हैं।

इस बार कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय पर हुई है जब मिडिल ईस्ट में तनाव तेजी से बढ़ रहा है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता पैदा कर दी है। माना जा रहा है कि इस तनाव का असर कच्चे तेल और गैस की अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर पड़ना शुरू हो गया है। देश की प्रमुख तेल कंपनियां—इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—ने मौजूदा हालात को देखते हुए घरेलू एलपीजी की कीमत बढ़ाने का फैसला लिया है।

इसी बीच केंद्र सरकार ने भी एहतियात के तौर पर देश की सरकारी और निजी दोनों रिफाइनरियों को गैस उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि अगर पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ता है तो वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट की स्थिति बन सकती है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में कहा था कि भारत के पास फिलहाल ऊर्जा की पर्याप्त उपलब्धता है और देश को किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, भले ही पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव जारी रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *