वार्ड 1 से 10 की 14 मार्च तथा वार्ड 11 से 20 की 15 मार्च को एरिया सभा बैठक की जाएंगी आयोजित।
करनाल 6 मार्च, नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, वृद्ध अवस्था पेंशन एवं विधवा पेंशन के लाभार्थियों के सत्यापन के लिए एक बार पुन: एरिया सभा का गठन किया गया है। एरिया सभा की बैठकें दो दिन यानि दिनांक 14 व 15 मार्च 2026 को सभी वार्डों में आयोजित की जाएंगी।
निगमायुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 20 वार्डों के लिए एरिया सभा बनाकर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नोडल अधिकारी एवं सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। वार्ड नम्बर 1 से 10 की एरिया सभा की बैठक दिनांक 14 मार्च 2026 को तथा वार्ड नम्बर 11 से 20 की एरिया सभा की बैठक दिनांक 15 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। यह सभा (टीमें) अलॉट किए गए बूथ नंबर के अधीन आने वाले दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, वृद्ध अवस्था पेंशन एवं विधवा पेंशन के पात्र लाभार्थियों का सत्यापन करने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि निदेशालय से प्राप्त हिदायतों के अनुसार प्रत्येक एरिया सभा संबंधित वार्ड व बूथ में बैठक आयोजित करके उक्त लाभार्थियों का सत्यापन समयबद्ध तरीके से करवाना सुनिश्चित करेंगे, ताकि लाभार्थियों की सत्यापन रिपोर्ट आगामी कार्यवाही के लिए निदेशालय प्रेषित की जा सके।
