मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर रखा जाए पूरा फोकस, पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर 16 से 19 मार्च 2026 तक आयोजित होगा चैत्र चौदस मेला,चैत्र चौदस मेले का मुख्य स्नान 17 मार्च
पिहोवा, 27 फरवरी उपमंडल अधिकारी नागरिक अनिल कुमार दून ने कहा कि पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर चैत्र चौदस मेले का आयोजन 16 मार्च से 19 मार्च 2026 तक किया जा रहा है। अहम पहलू यह है कि पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर लगने वाले इस चैत्र चौदस मेले में 17 मार्च को मुख्य स्नान होगा। इस चैत्र चौदस मेले के दौरान सभी अधिकारी व कर्मचारी समय रहते मेले के प्रबंधों को पूर्ण कर लें। इसके साथ-साथ मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर भी पूरा फोकस रखा जाए ताकि श्रद्घालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपमंडल अधिकारी नागरिक अनिल कुमार दून शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय के सभागार में चैत्र चौदस मेले के प्रबंधों को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले एसडीएम अनिल कुमार दून ने चैत्र चौदस मेले को लेकर फीडबैक ली और अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चैत्र चौदस मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 16 से 19 मार्च और 2026 तक आयोजित किया जाएगा इसके अतिरिक्त मुख्य स्नान 17 मार्च का रहेगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चैत्र चौदस मेले में प्रबंधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी, सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी समय रहते अपने अपने विभाग से सम्बन्धित तैयारियों को पूरा कर लें। इस चैत्र चौदस मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। चैत्र चौदस मेला में जो भी संस्थाएं भंडारा लगाएं वे थर्माकॉल की प्लेटों की जगह स्टील या पेपर्स की प्लेट का प्रयोग करें ताकि पर्यावरण को साफ-सुथरा रखा जा सके। उन्होंने कहा मेले में इस बार लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई जा रही है, इसलिए अधिकारी मेला क्षेत्र के बाहर पार्किंग की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक नहीं होनी चाहिए इसके लिए पुलिस बल तैनात किया जाएं और मुख्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरों को चेक कर लें ताकि कोई समस्या ना हो। इस मेला क्षेत्र को 8 सेक्टरों में बांटा गया है, मेले में पुलिस के व होमगार्ड के जवान भी डयूटी देंगे। उन्होंने नगर पालिका सचिव को निर्देश दिए कि अस्थाई शौचालयों के लिए स्थान निर्धारित कर लें तथा और जनस्वास्थ्य विभाग को पीने के पानी व टैंकरों की व्यवस्था भी समय रहते पूरी कर लें। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेले के दौरान बिजली की पर्याप्त व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मेला क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां व एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए, नगर पालिका सचिव सरस्वती तीर्थ, मेला क्षेत्र सहित आस-पास के क्षेत्र की पूरी साफ सफाई करवाना सुनिश्चित करें, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मेला क्षेत्र की सभी सड़कों का पैचवर्क करवाकर दुरुस्त करना सुनिश्चित करें, राजस्व विभाग सरस्वती तीर्थ में अपनी बोट व गोताखोर की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे और मेला के दौरा सरोवर के जल में निरंतर बोट से निगरानी करेंगे।
एसडीएम अनिल कुमार दून ने शहर की सभी सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से अपील करते हुए कहा कि मेला क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने और सफल आयोजन के लिए अपना सहयोग दें ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। एसडीएम ने उपमंडल के सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियों पूरी करना सुनिश्चित करेंगे। सभी अधिकारी एक बार अपने-अपने क्षेत्र का दौरा कर लें ताकि कोई कमी ना रहे।
उन्होंने कहा कि चैत्र चौदस मेले में हिमाचल, पंजाब, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों से काफी संख्या में श्रद्धालु अपने पूर्वजों के पिंड दान करने के लिए आते है। इसलिए श्रद्घालुओं की धार्मिक भावनाओं को जहन में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी की जाएंगी। इस मौके पर नगर पालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, सरस्वती हेरिटेज बोर्ड सदस्य रामधारी शर्मा, सुरेंद्र ढींगरा, अनाज मंडी पिहोवा नवीन गर्ग, दीपक अत्री ,नगर पालिका सचिव अशोक कुमार,बीडीपीओ विवेक कुमार, सभी ग्राम सचिव, पटवारी व अन्य सभी गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
