कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
करनाल, 21 फरवरी।  
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा शनिवार को करनाल में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो एवं राइस एंड ग्रेन एक्सपो के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने एक्सपो में विभिन्न राज्यों, विभिन्न विभागों व विभिन्न संस्थानों द्वारा लगाई स्टॉलों का अवलोकन किया व आधुनिक कृषि यंत्रों के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि यह एक्सपो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है। जिस तीव्र गति से सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही हैं, भारत 2047 से पहले ही विकसित राष्ट्र बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो में विभिन्न राज्यों और संस्थानों द्वारा लगाई गई स्टॉलें किसानों को नवीनतम तकनीक से रूबरू करा रही हैं। जितनी जानकारी बढ़ेगी, किसान उतना ही उन्नत और समृद्ध होगा।
धान खरीद में अनियमितता के सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार में संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष की भूमिका पर कटाक्ष करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि विदेशी मेहमानों की उपस्थिति के दौरान विपक्ष का व्यवहार अशोभनीय रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के इस नकारात्मक रवैये के कारण जनता में भारी रोष है।
इस अवसर पर सीईओ प्रमोद कुमार सिरोहा, सहायक आयोजक बलिंद्र कुमार, विभिन्न विभागों व संस्थानों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *