1 करोड़ 25 लाख रुपये का है बकाया, सम्पत्ति कुर्क कर की जाएगी वसूली- डॉ. वैशाली शर्मा, निगमायुक्त।
करनाल 19 फरवरी, बकाया सम्पत्ति कर की वसूली को लेकर नगर निगम करनाल एक बार फिर एक्शन मोड में आ गया है। इसके चलते नगर निगम का प्रवर्तन दल जल्द ही 37 डिफाल्टरों की सम्पत्तियों को अटैचमेंट करने जा रहा है। इन बकायादरों पर करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये का बकाया है। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने गुरूवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त सभी डिफाल्टरों को सम्पत्ति कर भरने के लिए समय-समय पर नोटिस जारी किए गए थे तथा अंत में अटैचमेंट नोटिस भी जारी किया गया था, परंतु बकायादारों द्वारा अभी तक सम्पत्ति कर अदा नहीं किया गया है। अब नगर निगम की टीम बकायादारों की सम्पत्तियों की कुर्की करके ही सम्पत्ति कर वसूल करेगा।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई करने के लिए प्रवर्तन दल द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस सहायता मांगी गई है। इसके मिलने पर तुरंत प्रभाव से बकायादारों के विरूद्घ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
18 प्रतिशत लगेगा ब्याज- निगमायुक्त ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में अगर कोई सम्पत्ति धारक प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम के खजाने में जमा नहीं करवाता, तो उसके सम्पत्ति कर पर 18 प्रतिशत का ब्याज लगाया जाएगा। इसलिए बकायादार सम्पत्ति कर जमा करवाने में देरी न करें। सम्पत्ति कर भरने के लिए नागरिक एनडीसी पोर्टल property.ulbharyana.gov.in पर जाकर भी इसे भर सकते हैं।
ऑनलाईन आपत्ति करवाएं दर्ज- उन्होंने नागरिकों से अपील करते कहा कि प्रॉपर्टी आई.डी. त्रुटि को दुरूस्त करवाने के लिए वह एनडीसी पोर्टल property.ulbharyana.gov.in पर ही आपत्ति दर्ज करवाएं। ऑफलाईन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
