अभियान के तहत 5 लाख 78 हजार 9 लोगों ने किया पंजीकरण
करनाल, 12 फरवरी।
  हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार अभियान के समापन समारोह के अंतर्गत चार जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयुष विभाग करनाल के योग विशेषज्ञ तथा हरियाणा योग आयोग करनाल के नोडल अधिकारी डॉ. अमित पुंज ने बताया कि प्रथम कार्यक्रम ‘मेरा मिशन स्वस्थ भारत’ टीम के साथ श्री कृष्ण कृपा धाम सेक्टर-9 करनाल में किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परम श्रद्धेय गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज रहे। उन्होंने कहा कि योग तन-मन के स्वास्थ्य तथा आध्यात्मिक उत्थान के लिए आवश्यक है। सभी को प्रतिदिन योग करना चाहिए तथा आध्यात्मिक ग्रंथों का अध्ययन व चिंतन भी करना चाहिए।
इस मौके पर मेरा मिशन स्वस्थ भारत के संस्थापक तथा मुख्य योग शिक्षक दिनेश गुलाटी ने सभी साधकों को मंत्रोच्चारण के साथ सूर्य नमस्कार के 12 अभ्यास करवाए। मेरा मिशन स्वस्थ भारत के संस्थापक दिनेश गुलाटी ने बताया कि फेसबुक के माध्यम से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन हजारों लोगों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की है। उन्होंने बताया कि मिशन द्वारा 2 लाख 50 हजार सूर्य नमस्कार अभियान चलाया गया, जिसे सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। उन्होंने आयुष विभाग करनाल तथा हरियाणा योग आयोग का विशेष धन्यवाद किया।
इसी कड़ी में द्वितीय कार्यक्रम आर्य समाज सेक्टर-6 करनाल में आयोजित किया गया। महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती के अवसर पर यज्ञ तथा 12 बार सूर्य नमस्कार किया गया। कार्यक्रम में महिला पतंजलि योग समिति की प्रधान सुनीता नरवाल तथा मुख्य योग शिक्षक कृष्ण अरोड़ा उपस्थित रहे। प्रधान सुनीता नरवाल ने बताया कि पतंजलि योग समिति द्वारा 100 से अधिक कक्षाओं में प्रतिदिन योग अभ्यास करवाया जा रहा है।
इसी प्रकार तृतीय कार्यक्रम कनिका पब्लिक स्कूल करनाल में किया गया। इस अवसर पर स्कूल के सभी बच्चों ने सूर्य नमस्कार किया तथा महर्षि दयानंद की शिक्षाओं पर व्याख्यान भी दिया। कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के अध्यक्ष सोमनाथ अरोड़ा मुख्य अतिथि रहे। साथ ही स्कूल के एकेडमिक डायरेक्टर जसप्रीत अरोड़ा, स्कूल निदेशक राज अरोड़ा, प्रिंसिपल मंजु गाइड, कैप्टन वीना अरोड़ा, कोऑर्डिनेटर साक्षी कालड़ा, कुसुम जैन तथा अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
इसी प्रकार चतुर्थ कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कारागार करनाल में जेल अधीक्षक लखबीर सिंह बराड़ की अध्यक्षता में तथा डीएसपी सुरेंद्र सिंह, डीएसपी अजय कुमार व डीएसपी धर्मचंद की देखरेख में जिला कारागार करनाल में 12 जनवरी से 12 फरवरी तक आयुष विभाग करनाल द्वारा विशेष सूर्य नमस्कार अभियान के तहत विशेष योग शिविर लगाया गया। इसी कड़ी में आज समापन समारोह के अवसर पर जिला कारागार करनाल में 580 महिला व पुरुष कैदियों ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया।
डॉ अमित पुज ने बताया कि यह अभियान 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद जयंती से लेकर 12 फरवरी, महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती तक चलाया गया। इस अभियान के लिए एक लाख लोगों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य रखा गया था। विभाग में कार्यरत सभी योग सहायकों तथा योग इंस्ट्रक्टर्स द्वारा 5 लाख 78 हजार 9 लोगों का पंजीकरण किया गया, जो लक्ष्य से 5 गुना से भी अधिक है। सभी योग सहायकों तथा योग इंस्ट्रक्टर्स द्वारा अपनी-अपनी योग व्यायामशालाओं, स्थानीय योग संस्थाओं, गांवों, विद्यालयों, कॉलेजों व महाविद्यालयों आदि में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अभियान में जिला करनाल में योग क्षेत्र में कार्य कर रही विभिन्न संस्थाएंकृपतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, मेरा मिशन स्वस्थ भारत, भारतीय योग संस्थान, हमारा मिशन स्वस्थ आदि संस्थाएं तथा शिक्षा विभाग, खेल विभाग, जिला कारागार व पुलिस विभाग ने बढ़-चढक़र कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *