216 को प्रथम नोटिस जारी, सम्पत्ति कर जल्द भरें, 18 प्रतिशत ब्याज और सम्पत्ति सील होने से बचाएं।
करनाल 11 फरवरी,

बकाया सम्पत्ति कर वसूली को लेकर नगर निगम करनाल लगातार सख्ती कर रहा है। इसके चलते सम्पत्ति कर शाखा के प्रवर्तन दल द्वारा जनवरी माह में 37 डिफाल्टरों को कुर्की के नोटिस वितरित किए गए हैं। इन बकायादारों पर करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये का बकाया है। अगले सप्ताह सीलिंग ड्राईव चलाकर इन सम्पत्तियों को सील किया जाएगा। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने सभी डिफाल्टर बकायादारों से कहा कि वह शीघ्र अति शीघ्र नगर निगम कार्यालय में बकाया सम्पत्ति कर अदा कर दें, अन्यथा उनकी सत्पत्ति को सील कर दिया जाएगा। इसके पश्चात उनकी सम्पत्ति की कुर्की कर नगर निगम सम्पत्ति कर वसूल करेगा।
216 को जारी किए प्रथम नोटिस- उन्होंने बताया कि जनवरी माह में 216 सम्पत्ति कर बकायादारों को प्रथम नोटिस जारी कर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए कहा गया है। यह नोटिस प्रीतम नगर, ओल्ड जी.टी. रोड, सदर बाजर, संत नगर, प्रेम नगर, अशोका कॉलोनी, सेक्टर- 9 व जनकपुरी में वितरित किए गए हैं। अगर यह बकायादार दी गई अवधि में टैक्स जमा नहीं करवाते, तो इन पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
18 प्रतिशत लगेगा ब्याज- उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में अगर कोई सम्पत्ति धारक प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम के खजाने में जमा नहीं करवाता, तो उसके सम्पत्ति कर पर 18 प्रतिशत का ब्याज लगाया जाएगा। इसलिए बकायादार सम्पत्ति कर जमा करवाने में देरी न करें। सम्पत्ति कर भरने के लिए नागरिक एनडीसी पोर्टल property.ulbharyana.gov.in पर जाकर भी इसे भर सकते हैं।
ऑनलाईन आपत्ति करवाएं दर्ज- उन्होंने नागरिकों से अपील करते कहा कि प्रॉपर्टी आई.डी. त्रुटि को दुरूस्त करवाने के लिए वह एनडीसी पोर्टल property.ulbharyana.gov.in पर ही आपत्ति दर्ज करवाएं। ऑफलाईन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
22.22 करोड़ रुपये हुए जमा- उन्होंने बताया कि नगर निगम कार्यालय में वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक करीब 22 करोड़ 22 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स व फायर टैक्स के रूप में जमा हुए हैं। इसमें 20 करोड़ 92 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स तथा 1 करोड़ 30 लाख रुपये फायर टैक्स है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *