हरियाणा सरकार ने दी दिव्यांगजनों को सौगात
करनाल, 10 फरवरी। दिव्यांगजनों को सरकारी राशन लेने के लिए अब भीड़ का हिस्सा नहीं बनना पड़ेगा। सरकार द्वारा उनके लिए अलग पंक्ति के निर्देश दिए है। भारतीय रेडक्रॉस समिति हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी के प्रयासों से यह व्यवस्था संभव होने जा रही है।
उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने बताया कि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों को राशन प्रदान किया जाता है। वह राशन सरकारी उचित मूल्यों की दुकान पर मिलता है। परन्तु उचित मूल्यों की दुकानों पर भीड होने के कारण दिव्यांगजनों को राशन मिलने में काफी समस्या का सामना करना पडता हैै। उन्होंने बताया कि सरकारी राशन की दुकानों पर दिव्यांगजनों के लिए अलग से पंक्ति का कोई प्रावधान नहीं था, जिससे दिव्यांगजनों को लंबी कतार में खड़ा होना पड़ता है जो दिव्यांगजनों के लिए बहुत ही पीड़ादायक भी होता है।
अंकुश मिगलानी के अनुसार दिव्यांगजनो के अनुरोध पर तुरंत संज्ञान लेते हुए हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के प्रधान सचिव से वार्तालाप कर पूरे हरियाणा प्रदेश में राशन की दुकानों पर दिव्यांगजनो के लिए अलग पंक्ति बनाने के लिए सिफारिश की है। जिस पर हरियाणा सरकार द्वारा अधिसूचना जारी करी की गई है। जिसके अनुसार राज्य के सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए गए है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण के दौरान दिव्यांग व्यक्तियों को सामान्य पंक्ति में प्रतीक्षा कराए बिना तत्काल राशन वितरित किया जाए और राशन की दुकानों के संचालक दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार कर आवश्यक सहायता प्रदान करें।
अंकुश मिगलानी ने यह बताया कि हरियाणा राज्य रेडक्रॉस मुख्य रूप से दिव्यांगजनों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहती है ताकि अंतिम पंक्ति में खडे व्यक्तियों के लिए सुविधाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाया जा सके।
