मीडिया के माध्यम से कांग्रेस समर्थित पार्षद प्रवीण चौधरी शालू और निहारिका चौधरी ने अपनी प्रबल दावेदारी पेश की।
: हरियाणा में नगर निकाय चुनाव की घोषणा भले ही अभी नहीं हुई हो लेकिन उम्मीदवारों ने अभी से अपनी अपनी दावेदारी जताना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रेवाड़ी नगर परिषद वार्ड नंबर तीन से निवर्तमान पार्षद प्रवीण चौधरी शालू ने पार्षद पद के लिए वहीं पत्नी निहारिका चौधरी को चेयरमैन पद के लिए दावेदारी पेश की है। अपने कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए प्रवीण चौधरी शालू ने शहर की बीजेपी समर्थित चेयरमैन रही पूनम बलजीत के कार्यकाल में व्याप्त समस्याएं एवं भ्रष्टाचार को गिनाया वहीं निहारिका चौधरी ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी ने टिकट देकर चुनाव में उतारा तो सबसे पहले भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने का काम करेगीं। आपको बता दें कि प्रवीण चौधरी कांग्रेस पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं जिसके चलते उन्हें शहरी प्रधान की जिम्मेदारी मिली हुई है। प्रवीण चौधरी रेवाड़ी से कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के खास समर्थक माने जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि वार्डबंदी से जुड़ी दोनों याचिकाओ को हाल ही में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा खारिज कर दिया गया था। जिसके बाद नगर परिषद के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। मार्च या अप्रैल महीने में चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में चेयरपर्सन की टिकट के दावेदारों के नाम भी सामने आने लगे हैं। दोनों ही प्रमुख पार्टियां भाजपा और कांग्रेस इस बार भी सिंबल पर ही चेयरपर्सन का चुनाव लड़ेंगी। केंद्र और प्रदेश में सरकार सत्तासीन भाजपा में चेयरपर्सन की टिकट की चाहत रखने वाले चेहरों की फेहरिस्त लंबी है। वहीं कांग्रेस में अभी गिने चुने नाम ही सामने आए हैं। टिकट की जुगत में दावेदारों ने अभी से अपने नेताओं के दरबार में हाजिरी लगाना शुरू कर दिया है। इस बार ड्रा के जरिये रेवाड़ी नगर परिषद में चेयरपर्सन का पद एससी महिला के लिए आरक्षित किया गया है। जबकि पिछली बार यह पद बीसी बी महिला के लिए आरक्षित था।
