मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जयंती समारोह में एक बजे पहुंचेंगे,सांवला से उमरी के बीच सड़क पर वाहन खड़ा करने पर रहेगी पाबंदी
कुरुक्षेत्र, 30 जनवरी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के 31 जनवरी को उमरी में होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। इस प्रदेश स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम में करीब एक बजे पहुंचेंगे। इनके साथ-साथ कई सांसद व विधायक भी समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समारोह में सभी अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से पूरा करेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पार्किंग को समारोह स्थल के नजदीक तैयार किया गया है। अपने वाहनों से उतारकर नागरिक आराम से समारोह स्थल में प्रवेश कर सकेंगे। वाहनों के पार्किंग स्थल व नागरिकों को समारोह स्थल तक जाने में कानून व्यवस्था बनाने पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखेंगे।
उन्होंने कहा कि वीआईपी के लिए अलग से पार्किंग व्यवस्था बनाई गई। समारोह स्थल को 10 भागों में बांटा गया है। इनमें वीआईपी, मीडिया, महिला व सामान्य क्षेत्र के तौर पर तैयार किया गया है। सभी क्षेत्रों में बैठने की उचित व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि मुख्य मंच को भव्य ढंग से तैयार किया गया है। मंच के सामने रंगोली को तैयार किया गया है। जो भी नागरिक समारोह में हिस्सा लेंगे, उनके लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला में कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए बीएनएसएस 2023 की धारा 163 को लागू किया गया है। सांवला में हेलीपैड बनाया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हेलीपैड सांवला से समारोह स्थल तक सड़क मार्ग से पहुंचेंगे। इस मार्ग पर कोई भी वाहन चालक अपने वाहनों को रखा नहीं करेगा। जो व्यक्ति आदेशों की अवहेलना करेगा उसके खिलाफ बीएनएसएस 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
