निगमायुक्त ने आर.डब्ल्यू.ए. व निजी कॉलोनाईजर प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करके देने के दिए निर्देश।
करनाल 28 जनवरी,
शहर की प्राईवेट कॉलोनियों से निकलने वाला कूड़ा-कचरा नगर निगम करनाल की एजेंसी सुगम स्वच्छता डोर टू डोर जाकर उठाएगी। यह निर्देश नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बुधवार को शहर की विभिन्न रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन व प्राईवेट कॉलोनाईजर के प्रतिनिधियों के साथ की गई बैठक के दौरान दिए।
उन्होंने कहा कि निजी कॉलोनियों से रैग पीकर्स कूड़ा-कर्कट एकत्र कर रहे हैं, जिसका ठोस अपशिष्टï प्रबंधन नियम के अनुसार निस्तारण नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि कॉलोनाईजर इस कार्य को गम्भीरता से नहीं ले रहे, जिससे कहीं न कहीं शहर की स्वच्छता पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार से समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सुगम स्वच्छता एजेंसी प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि वह निजी कॉलोनियों से कूड़ा एकत्रीकरण के लिए एक्शन प्लान तैयार करें और उसी के अनुसार कूड़े का उठान किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए निजी कॉलोनाईजरों व सम्बंधित आर.डब्ल्यू.ए. प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाए।
उन्होंने आर.डब्ल्यू.ए. प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि जिन प्राईवेट कॉलोनियों में कई मंजिल फ्लोर बने हुए हैं, वह कूड़ा एकत्र करने के लिए कोई एक जगह चिन्हित कर लें। उसी जगह से एजेंसी का वाहन कूड़ा एकत्र करेगा। उन्होंने कहा कि सभी हाऊस होल्ड गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करके ही डस्टबिन में रखें और उसे अलग-अलग ही कूड़ा एकत्रीकरण वाहन में डाला जाए। इसके अतिरिक्त वह रैग पीकर्स को कूड़ा-कचरा नहीं देंगे।
बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अंकुश पराशर, सभी जोन इंचार्ज, करीब 3 दर्जन आर.डब्ल्यू.ए. व निजी कॉलोनाईजर प्रतिनिधि, सुगम स्वच्छता एजेंसी प्रतिनिधि तथा स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम मौजूद रही।
