महानिदेशक कारागार आलोक मित्तल ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का किया शुभारंभ
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया सम्मानित
करनाल, 27 जनवरी।
 हरियाणा जेल अकादमी में 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जेल विभाग एवं हरियाणा पुलिस आवास निगम द्वारा राज्य-स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महानिदेशक कारागार आलोक मित्तल ने बतौर मुख्य अतिथि  शिरकत की तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जेल विभाग के 48 अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आवास निगम के 31 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा विभागीय दायित्वों के निर्वहन में प्रदर्शित कर्मठता, साहस एवं निष्ठा का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक कारागार आलोक मित्तल ने परेड की सलामी ली।  उन्होंने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक एवं संवैधानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान निर्माताओं को नमन किया तथा संविधान की गरिमा बनाए रखने, कानून के शासन, मानव गरिमा एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कारागार केवल बंदीगृह नहीं, बल्कि सुधार, पुनर्वास एवं सामाजिक पुन:स्थापना के केंद्र हैं। हरियाणा जेल विभाग सुरक्षा के साथ-साथ संवेदनशीलता, अनुशासन के साथ मानवीय दृष्टिकोण तथा न्यायपूर्ण एवं पारदर्शी व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने पुरस्कार प्राप्त कर्मियों को विभाग के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए उनके परिवारजनों के सहयोग की भी सराहना की तथा प्रशिक्षणरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने सेवाकाल में निष्पक्षता, करुणा एवं संवैधानिक मूल्यों को अपने प्रत्येक निर्णय का आधार बनाएँ। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं संविधान के प्रति अटूट आस्था के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *