करनाल, 27 जनवरी। बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), करनाल में आज चार दिवसीय विशेष कौशल विकास एवं रोजगार उन्मुख कार्यशाला का सफल शुभारंभ किया गया। यह कार्यशाला हरियाणा सरकार एवं मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से आयोजित की जा रही है।कार्यशाला का शुभारंभ माननीय प्रधानाचार्य राकेश भाटिया एवं मारुति सुजुकी के वरिष्ठ ट्रेनर जसवंत सिंह सेठी के नेतृत्व में हुआ।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक चुनौतियों से जोड़ते हैं तथा उन्हें आत्मविश्वासी, सक्षम एवं पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनाते हैं। मारुति सुजुकी के विशेषज्ञों द्वारा दिए जा रहे यह प्रशिक्षण हमारे छात्राओं के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य संस्थान के छात्रों को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। कार्यशाला में कौशल निर्माण, व्यावसायिक दक्षता एवं आत्मनिर्भरता का विकास,अनुशासन, टीमवर्क, सुरक्षा जागरूकता एवं कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित कार्य पद्धतियां एवं सुरक्षा प्रथम का पालन, सकारात्मक सोच के साथ प्रभावी साक्षात्कार कौशल (इंटरव्यू स्किल्स), जापानी प्रबंधन सिद्धांतों पर आधारित व्यावहारिक एवं इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जो छात्राओं को आधुनिक ऑटोमोबाइल उद्योग में रोजगार के लिए पूर्णतः सक्षम बनाएंगे।
कार्यक्रम में संस्थान के अनुदेशक योगेश कुमार, दिनेश, सुरेंद्र, सतबीर, वर्ग अनुदेशक श्याम पाल उपस्थित रहे।
