सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कुरुक्षेत्र के जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में किया राष्ट्रीय ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी, बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पीटी शो व योग का किया प्रदर्शन, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित, झांकियों में महिला एवं बाल विकास विभाग कुरुक्षेत्र को मिला प्रथम पुरस्कार, कैबिनेट मंत्री ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित, कैबिनेट मंत्री ने कार्यक्रम में भाग ले रहे बच्चों के इनाम के रूप में 2 लाख 1 हजार और थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने 50 हजार की राशि देने की घोषणा, कैबिनेट मंत्री ने कुरुक्षेत्र जिला के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों लिए घोषित किया मंगलवार का अवकाश, हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह
कुरुक्षेत्र 26 जनवरी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी बदौलत ही भारत आज एक गणराज्य कहलाता है। इस देश के वीरों, स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान के कारण ही आज सभी भारतवासी खुली हवा में सांस ले रहे है, इन शूरवीरों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इन शूरवीरों के सपनों को साकार करने के लिए हमें देश और प्रदेश की तरक्की में अपना योगदान देना होगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सोमवार को जिला प्रशासन द्वारा पिपली पुलिस लाइन के प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने लघु सचिवालय परिसर में स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र भेंट कर शहीदों को नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पिपली पुलिस लाइन के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कार्यक्रमों में भाग ले रहे बच्चों के लिए 2 लाख 1 हजार रुपए और थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने 50 हजार रुपए की राशि इनाम के रूप में देने की घोषणा भी की। इसके साथ-साथ कैबिनेट मंत्री ने कुरुक्षेत्र जिला के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को अवकाश की घोषणा भी की गई।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। इसका श्रेय हमारे उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है जिन्होंने दिन-रात एक करके इस देश को विकास की गति प्रदान की। आज हमारा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी प्रगति कर रहा है। आज देश ने मिसाइल ही नहीं बनाई, बल्कि चन्द्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए है। भारत चन्द्रमा के दक्षिणी धुव्र पर चंद्रयान 3 उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। हरियाणा ने भी देश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किए है। स्वतन्त्रता आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले हरियाणा वासियों की याद में अंबाला में स्वतंत्रता संग्राम स्मारक बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊंचाइयों को छुआ है। हरियाणा सरकार की कितनी ही नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे है।
उन्होंने कहा कि सुशासन से सेवा के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व संभालने वाली वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए समस्त हरियाणा और प्रत्येक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान की दिशा में निरंतर कार्य किया है। हरियाणा प्रदेश सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है, जिससे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है। राज्य सरकार जनसेवा और जनता के बीच दीवार बन चुकी व्यवस्था को न केवल बदलने का काम किया है, बल्कि ऐसी व्यवस्था देने का प्रयास किया है, जिसमें जन-जन को योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल तरीके से प्राप्त हो सके। देश की आजादी से लेकर लम्बे समय तक गरीब कल्याण की बातें तो की जाती रही, लेकिन उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के दर्शन के अनुरूप प्रदेश के सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया गया, जिससे पात्र परिवारों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया गया है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने केंद्र और राज्य सरकार की तमाम योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किडनी रोग से पीड़ित रोगियों को सभी सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कालेजों में निशुल्क डायलिसिस की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 70 साल से अधिक बुजुर्गों को 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। गरीब परिवारों के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए हैप्पी कार्ड योजना शुरू की है जिसके तहत हरियाणा रोडवेज की बसों में एक हजार किलोमीटर तक की सालाना यात्रा निशुल्क प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादन प्रोत्साहन योजना के तहत सहकारी दुग्ध समितियों के दुग्ध उत्पादकों को 68.75 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है। बागवानी प्रौद्योगिकियों के प्रदर्शन हेतु 9 उत्कृष्ट केन्द्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा 3 उत्कृष्ट केन्द्रों पर कार्य जारी है। हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां फलों एवं सब्जियों की पूरी आपूर्ति श्रृंखला तैयार की जा रही है। बागवानी फसलों को मौसम की मार से बचाने के लिए मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना शुरू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। ग्रामीणों की आय का पशुपालन एक प्रमुख साधन है। पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की है।
इस कार्यक्रम के मंच का संचालन डीआईपीआरओ डा. नरेन्द्र सिंह व एआईपीआरओ बलराम शर्मा ने किया। इस कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मुख्य अतिथि हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इसके साथ-साथ जिला सूचना एवं जन संपर्क विभाग कुरुक्षेत्र की तरफ से मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को कार्यक्रम की फोटो का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस मौके पर विधायक अशोक अरोड़ा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतिश अग्रवाल, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, भाजपा के जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी, एडीसी विवेक आर्य, एएसपी प्रतीक गहलोत, एसडीएम शाश्वत सांगवान, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील राणा, सुभाष बेदी, रोशन बेदी, जगीर सिंह, सुरेंद्र माजरी, जिला परिषद सीईओ शंभू राठी, डीएसपी सुनील कुमार, डीआरओ चेतना चौधरी, डीडीपीओ विकास कुमार, गुरदयाल सुनहेड़ी, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कोशिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी इंदू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बाक्स
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों व वीर वीरांगनाओं को किया सम्मानित
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों जिनमें हरभजन कौर, सुरजीत कौर, कृष्णा देवी, सुखविंद्र कौर, दलजीत कौर, ममता शर्मा, पार्वती, धन्नी देवी, गुरमीत कौर, रामदास गोयल, सुखपाल सिंह, दलजीत कौर को मंच उनकी जगह पर जाकर शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
बाक्स
डीएसपी रोहित ने संभाली गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम की परेड कमांड
गणतंत्र दिवस समारोह में परेड की कमांड डीएसपी रोहित ने सम्भाली। इस परेड में पहली टुकड़ी जिला महिला पुलिस, दूसरी व तीसरी टुकड़ी है जिला पुलिस पुरुषों की टुकड़ी, चौथी होमगार्ड पुरुषों की टुकड़ी, पांचवी एनसीसी सीनियर डिवीजन गुरुकुल के लडक़ों की टुकड़ी, छटी एनसीसी जूनियर डिवीजन गुरुकुल के लडक़ों की टुकड़ी, सातवीं एनसीसी जूनियर डिवीजन लड़कियों की टुकड़ी, आठवीं अग्रसैन पब्लिक स्कूल के प्रजातंत्र के प्रहरी लडक़ों की टुकड़ी, नौवीं हरियाणा राज्य भारत स्काउट एंड गाईडस की लड़कियों की टुकड़ी और दसवीं गुरुकुल ज्योतिसर स्कूल के बैंड की टुकड़ी शामिल है। इन सभी परेड की टुकडिय़ों के साथ कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने ग्रुप फोटो खिंचवाई और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।
बाक्स
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को किया सम्मानित
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने जिला सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से लिपिक विक्रम सैनी व एमबीपी राजकुमार शर्मा, जिला चुनाव कार्यालय से सहायक मीनू सैनी, फायर मैन प्रमोद कुमार, उप जिला न्यायवादी चंद्र मोहन, डीडीपीओ से डाटा एंट्री आप्रेटर कुलदीप शर्मा, बिजली विभाग से उपमंडल अधिकारी संचालन संदीप पाहुजा व नीरज कुमार जूनियर इंजिनियर, जिला बाल कल्याण विभाग से मीना कुमारी समन्वयक, कृषि विभाग से राजेश वर्मा सहायक कृषि अभियंता, परिवहन विभाग से पवन कुमार ट्रैफिक मैनेजर, इस्माईलाबाद से अंकित कुमार खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला परिषद से रविन्द्र कुमार उपमंडल अधिकारी व जगदीश डीपीएमआरजीएसए, नेहा डीईओ अनुबंधित, सोनिया पीओ, वाटर सर्विस डिवीजन से कपिल कुमार जूनियर इंजिनियर, पीएम श्री शाहबाद से लक्ष्मी प्रसाद, रघुबीर सिंह, प्रीति गोयल व जय प्रकाश, पुलिस विभाग से निरीक्षक मोहन लाल, उप निरीक्षक प्रमोद कुमार, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार, उप निरीक्षक सौरभ, सहायक उपनिरीक्षक नीरज कुमार, निरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक महेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सतबीर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक ईशम सिंह, सहायक उपनिरीक्षक चिरंजी लाल, स्वास्थ्य विभाग से डा. अनूप मेहता, शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य सुखदेव सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से हरि शंकर मिश्रा, पटवारी मुकेश वर्मा, बाढ राहत कार्यालय से जय कुमार, उद्यमिता आईटीआई से अजय कुमार को अपने-अपने क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
बॉक्स
मुख्यमंत्री स्कूल सौंदर्यीकरण योजना के विजेता स्कूलों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री स्कूल सौंदर्यीकरण योजना वर्ष 2025-26 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बडौंदा को प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय बन को प्रथम, राजकीय माध्यमिक विद्यालय सलपानी कलां थानेसर को प्रथम, राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोरथला को प्रथम, राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोरथला तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला रतनगढ़ प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
बाक्स
झांकियों में महिला एवं बाल विकास विभाग कुरुक्षेत्र की झांकी को मिला प्रथम स्थान
गणतंत्र दिवस समारोह में 11 झांकियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इन झांकियों में स्वास्थ्य विभाग, सहकारिता शुगर मिल शाहबाद, आयुष विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, परिवहन विभाग कुरुक्षेत्र, जिला उद्योग केंद्र/एमएसएमई, जिला शिक्षा विभाग, बिजली विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बागवानी विभाग की झांकियों ने प्रदर्शन किया। इन झांकियों में महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी प्रथम, परिवहन विभाग की झांकी द्वितीय और जिला शिक्षा विभाग की झांकी तृतीय स्थान पर रही।
